






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जुलाई 2023। शिक्षा विभाग में प्रतिनियुक्ति के नाम पर व्यापार चल रहा है एवं मनमाने आदेश निकाल कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बिना शिक्षकों के स्कूल बच्चों पर अत्याचार है और यह अत्याचार सहन नहीं करेगें। ये नारे, संबोधन, संकल्प सुने है सोमवार सुबह क्षेत्र के गांव लखासर में। यहां के राउमावि में पहले से ही कई पदों के रिक्त होने की स्थिति में अंग्रेजी के वरिष्ठ अध्यापक विनोद वर्मा को सत्र की शुरूआत में ही प्रतिनियुक्ति पर लखासर से दुसारणा भेज दिया गया है। इसके विरोध में सोमवार सुबह विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यालय के प्रवेश द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सैंकड़ों बच्चे स्कूल के बाहर खड़े रहे एवं रिक्त पदों को भरने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रतिनियुक्ति आदेश को निरस्त करने एवं पहले से रिक्त पड़े गणित, संस्कृत के वरिष्ठ अध्यापकों की नियुक्ति करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने 550 विद्यार्थियों की संख्या वाले विद्यालय में सरकार व शिक्षा विभाग द्वारा गलत नीतियों से व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य अन्नाराम सेरडिया ने समझाईश एवं मांगो को सक्षम स्तर पर उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिए जाने की बात कही। इस पर ग्रामीणों ने एकबारगी प्रदर्शन स्थगित करते हुए स्कूल का दरवाजा छोड़ा। ग्रामीणों ने दो दिनों में मांगें पूरी नहीं करने पर तेज आंदोलन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश नायक, पूर्व सरपंच मुखराम मेघवाल, दानाराम गेट, पाबूदानसिंह भाटी, भंवरलाल खिलेरी, भीखाराम नाई, विजेंद्रसिंह तंवर, रामचंद्र गेट, लालूराम प्रजापत, सहीराम खिलेरी, देबुराम मेघवाल, भरतसिंह तंवर आदि ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के प्रति रोष जताया।







