May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2022। आंखों में गुस्सा, आवाज में आक्रोश, नारों में जोश और सरकार, प्रशासन को झुकाने का विजयी उत्साह, यही नजर आया आज श्रीडूंगरगढ़ के किसानों में। मौका था क्षेत्र में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर देरी से बदलने, कृषि कनेक्शन नहीं देने से परेशान किसानों द्वारा विधायक गिरधारीलाल महिया की अगुवाई में दिए गए धरने का। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के एकदिवसीय घेराव के दौरान। किसानों ने दिन भर सरकार और निगम विरोधी नारे लगाए और धरना प्रदर्शन किया। शाम होते होते प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्था से बिजली निगम एवं किसान नेताओं के बीच वार्ता हुई। वार्ता में पहले तो निगम के अधिकारी अड़े रहे एवं पीछे से बिजली नहीं होने का बहाना देते हुए छह घंटे बिजली देने में अपनी असमर्थता जताई। लेकिन किसानों और किसान नेताओं ने गुरूवार के एकदिवसीय घेराव को अनिश्चतकालीन आंदोलन बनाने की चेतावनी दी। इसके बाद पीक आर्वस के अलावा गांवों में सिंगल फेस घरेलू सप्लाई में कटौती करने एवं खेतों में थ्री फेस सप्लाई पूरे छह घंटे शुक्रवार से ही कृषि कुंओं पर देने की सहमति बनी। इससे पहले धरने को संबोधित करते हुए महिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान हकों पर सरकार लगातार कुठाराघात कर रही है और आज किसान दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। बिजली विभाग के भ्रष्ट तंत्र ने किसानी-खेती को खतरा पहुंचाने का काम किया है, जो अब असहनीय हो गया है। धरने को सत्तासर सरपंच सुनिल मलिक, कुंतासर सरपंच ओंकारमल नायक, सेरूणा सरपंच प्रतिनिधि भरतसिंह राठौड़, रामेश्वर फौजी, पूर्व सरपंच रतनसिंह राठौड़, कल्याणसर सरपंच प्रतिनिधि ताजूराम नायक, अभाकिस तहसील अध्यक्ष भंवरलाल भूंवाल, अभाकिस पूर्व तहसील अध्यक्ष अमरगिरी, सोहनसिंह पुंदलसर, पूर्व पंस. सदस्य नत्थूनाथ मंडा, कॉ. मुखराम गोदारा, कामरेड मोहन भादू ने भी संबोधित करते हुए किसान हित में संघर्ष की बात कही। इस दौरान सुनील दुगरिया, आड़सर सरपंच प्रतिनिधि शिव जोशी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भंवरलाल बाना, दुलचासर सरपंच प्रतिनिधि मोडाराम महिया, सुरजनसर सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुरावा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मोडाराम तर्ड़, क्रय-विक्रय चेयरमैन तुलछीराम गोदारा, टेऊ उपसरपंच लालचंद सारण, मामराज गोदारा समंदसर, किसान सभा के राजेंद्र जाखड़, दौलतराम मेघवाल, एसएफआई पूर्व तहसील अध्यक्ष बीरबल पूनिया, भंवरलाल प्रजापत, आनंद नाई, भंवरा लाल सारण सहित बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।

शुक्रवार से छह घंटे सप्लाई, अन्य मांगों पर तीन दिनों का समय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान सभा के प्रतिनिधि मंडल व उपखंड अधिकारी डॉ. दिव्या चौधरी सहित विभाग के अधिकारियों के बीच समझौता वार्ता हुई। जिसमें कृषि कुंओं पर 6 घंटे बिजली आपूर्ति, 7 दिनों के भीतर सभी बकाया जले हुए ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे, बकाया कृषि कनेक्शन अतिशीघ्र दिये जाने, जैतासर, सातलेरां, पुंदलसर में 10 दिनों से जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह 2 दिनों में नए पावर ट्रांसफार्मर पहुंचाना, धीरदेसर चोटियान जीएसएस का निर्माण शीघ्र पूरा करवाने, गांवों में अलग-अलग फीडर बनाने के स्वीकृत कार्यों के वर्क ऑर्डर शीघ्र होगें, ग्रामीण जीएसएसों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के प्रस्ताव शीघ्र मंजूर करने पर सहमति बनी।