






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जनवरी 2021। कस्बे में मंगलवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद कई जगहों पर कीचड़ फैल गया है। राजकीय चिकित्सालय जैसी महत्वपूर्ण जगह भी कीचड़ से घिर गई है और महिला हॉस्पिटल में तो कीचड़ में सने बिना प्रवेश ही संभव नहीं हो रहा है। लेकिन दूसरी और पालिका द्वारा विवादित अतिक्रमण विरोधी कार्ड के विरोध में आंदोलन की घोषणा को देखते हुए पालिका कार्यालय की घेराबंदी कर दी गयी है। नेशनल हाइवे पर पालिका के सामने हाइवे का एक हिस्सा यातायात के लिए बन्द कर दिया गया है और यातायात को एक ही साइड से गुजारा जा रहा है। पालिका के आगे बेरिकेड्स लगाए गए हैं ताकि कोई भी आंदोलनकारी पालिका कार्यालय के पास तक नहीं आ सके। हालांकि आंदोलन के अगुवा लोगों ने पालिका की ओर जाने का मना किया है और सारस्वत समाज की भूमि पर ही विरोध सभा का आह्वान किया है। सभा के बाद अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा।






