






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जुलाई 2022। मंगलवार को क्षेत्र के गांवों में भी उल्लेखनीय खबरें सामने आई हैं, श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों के लिए प्रस्तुत है ग्रामीण क्षेत्र की न्यूज ब्रीफ।
सूडसर में उपतहसील का उद्धघाटन 20 को, विधायक होंगे अतिथि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के विकास को दिशा में बढ़ते कदमों में एक नवगठित सूडसर उपतहसील का उद्धघाटन समारोह बुधवार को होगा। एक बार अस्थाई भवन में शुरू किए जा रहे इस उपतहसील कार्यालय का उद्धघाटन विधायक गिरधारीलाल महिया करेंगे। इसकी तैयारियों में ग्रामीण एवं कार्मिक जुटे हुए हैं और भवन की मरम्मत सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विदित रहे कि इस उपतहसील में 4 गिरदावर सर्किल, 14 पटवार मंडल, 35 गांवों को शामिल किया गया है और श्रीडूंगरगढ़ तहसील कार्यालय के नायब तहसीलदार जयनारायण सुवटा को इस उपतहसील का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बिग्गा के ग्रामीणों ने मांगा रास्ता, रेलवे अंडर ब्रिज की आवश्यकता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार को गांव बिग्गा के ग्रामीण जिला कलेक्टर के पास पहुंचे और बिग्गा – अमृतवासी मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज की मांग की। ग्रामीणों ने बताया की बिग्गा से यह मार्ग बीदासर, इंदपालसर के बास, अमृतवासी सहित करीब एक दर्जन गांवों का हाइवे से सीधा मुख्य रास्ता है। लेकिन रेल्वे अंडरब्रिज के नहीं होने के कारण ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे लाइन के पार करीब 500 से अधिक कृषि कुओं के किसानों को भी रास्ता नहीं होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और किसानों द्वारा मजबूरन अवैध रूप से पटरियां पार करनी पड़ती है इस कारण आए दिन हादसे होते हैं। कलेक्टर से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में गांव के पूर्व सरपंच श्रवण राम जाखड़, कन्हैयालाल तावनियां, भंवरलाल सुथार, जयराम शर्मा, बाबूलाल गिल्ला आदि शामिल रहे।
लखासर में प्रेरणीय अभियान, खेल मैदान में किया पौधारोपण, ड्रोन से ली गई विहंगम फोटो।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव लखासर से मंगलवार को प्रेरणीय खबर आई। गांव में ग्राम पंचायत द्वारा नवनिर्मित खेल मैदान में उत्सव का माहौल रहा और बच्चे, बूढ़े, जवान, महिलाओं सहित सभी ने यहां सामूहिक पौधारोपण में भूमिका निभाई। इस दौरान ग्रामीणों ने मैदान बनवाने के लिए सरपंच चंदा देवी खिलेरी का आभार जताया। सरपंच प्रतिनिधि गोरधन राम खिलेरी ने पौधारोपण का महत्व बताया और सभी पौधों को पालने के संकल्प दिलवाए।



100 घण्टों से लाइट बंद, ग्रामीण उतरे मैदान में, जताएंगे आक्रोश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तहसील के गांव मिंगसरिया में गत 100 घण्टों से बिजली सप्लाई बंद पड़ी है। परेशान ग्रामीण अब खुद ही बिजली लाइन खींचने जैसे जोखिम भरे काम करने मैदान में उतर पड़े हैं। ग्रामीण मदनसिंह, शिवरतन, टिकुराम, तिलोकदास, श्रवण राम आदि ने बताया कि बुधवार सुबह तक सप्लाई सुचारू नहीं की गई तो ग्रामीण सामूहिक रूप से जीएसएस का घेराव कर अपना आक्रोश जताएंगे।






