






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवंबर 2024। क्षेत्र के गांव रेवाड़ा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह हंगामा हुआ। स्कूल के प्रधानाचार्य गांव लिखमादेसर निवासी 54 वर्षीय रतिनाथ सिद्ध पुत्र रामेश्वरनाथ सिद्ध ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच कर एसएमसी अध्यक्ष के खिलाफ राजकार्य में बाधा सहित मारपीट के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया। सिद्ध ने पुलिस को बताया कि स्कूल की विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह पुत्र अमरसिंह राजपुरोहित निवासी रेवाड़ा ने आज सुबह 10.40 बजे स्कूल में आकर उसके साथ मारपीट करते हुए लोटे की कनपटी पर मारी। परिवादी ने बताया कि आरोपी ने गालियां देते हुए कपड़े फाड़ दिए और राजकार्य में बाधा पहुंचाकर शाला का रिकॉर्ड बिखेर दिया। उसक समय स्टाफ अपनी कक्षाओं में था। प्रधानाचार्य ने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर, शिक्षा अधिकारी व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भी लिखित शिकायत भेजी है। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया शिक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर शिक्षक का मेडिकल मुआयना करवाया जा रहा है।




