






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मई 2026। मंगलवार को पीबीएम की मोर्चरी व जिला कलेक्ट्रेट के बाहर नायक समाज ने मृतक हड़मान नायक के परिजनों को न्याय देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। देर रात पुलिस प्रशासन की समझाईश के बाद परिजन पोस्टमार्टम करवा शव लेने को सहमत हुए। बुधवार सुबह गांव आड़सर पुरोहितान में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
जिला एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एडिशनल एसपी ग्रामीण बनवारीलाल मीणा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारी ने देर रात तक समझाईश करते हुए प्रदर्शनकारियों को मामले की जांच व मेडिकल बोर्ड द्वारा दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगामी सही व निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग पर मामले की जांच सेरूणा एसएचओ संध्या बिश्नोई को देने, पोस्टमार्टम वीडियो ग्राफी के साथ मेडिकल बोर्ड से करवाने की सहमति दी। अधिकारी ने आर्थिक सहायता की मांग के लिए मामले की जांच के बाद प्रयास करने का आश्वासन दिया। एसआई राजेंद्र कुमार ने बीकानेर पहुंच कर मेडिकल बोर्ड से वीडियो ग्राफी के साथ पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विदित रहें 30 अप्रैल को हड़मान नायक घायलावस्था में जैतासर के पास मिला था। 4 मई को उसने पीबीएम में दम तोड़ दिया व तभी से परिजन व समाज के लोग धरने पर बैठ कर प्रदर्शन कर रहें थे। मृतक के भाई ने मामले में चार नामजद के खिलाफ मारपीट करने व बस फैंकने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था।




