






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 सितम्बर 2024। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के सभी पाठकों के लिए प्रस्तूत है आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस, जिसमें पढ़ें पांच खबरें एक साथ और देखें सभी के फोटो एक साथ।
सब जूनियर खो-खो में गुंसाईसर बड़ा विजेता, सीनियर मुकाबले शुक्रवार को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव लखासर में चल रही जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में क्षेत्र की बेटियां जोरदार प्रदर्शन कर रही है। प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग 14 वर्षीय छात्रा में क्षेत्र के गांव गुंसाईसर बड़ा की बेटियों ने जिला जीत लिया है। गुंसाईसर बड़ा के आदर्श स्कूल की छात्राओं ने राउमावि बनिया की छात्राओं को हराया। सब जूनियर में गांव लखासर के राउमावि की छात्राएं हार्ड लाईन में विजयी होकर तीसरे स्थान पर रही। वहीं सीनियर वर्ग 19 वर्ष आयुवर्ग के फाईनल मुकाबले शुक्रवार को सुबह होगें। जिसमें राउमावि लखासर की छात्राएं राउमावि बगराला धोरा नाथूसर की छात्राओं से भीडेंगी। सीनियर वर्ग के हार्डलाईन मैच में राउमावि खोखराना ने पूनियां पब्लिक स्कूल देराजसर को हरा कर तीसरे स्थान पर कब्जा किया है।

हुई बैठक, 23वीं फेरी के लिए रवानगी 5 को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे से देशनोक के लिए श्री करण मित्र मंडल द्वारा देशनोक पैदल यात्री संघ ले जाया जाएगा। संघ के सोवित मोदी ने बताया कि इस बार संघ की यह 23वीं फेरी होगी एवं यात्रा के सफल आयोजन के लिए संघ के कार्यकर्ताओं की बैठक गुरूवार को आयोजित कर विभिन्न जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं ने आपस में बांटी है। संघ की रवानगी नवरात्रा के दौरान 5 अक्टुबर को कालूबास में रोहित बोहरा की दुकान के पास स्थित करणी माता मंदिर से दर्शन कर रवाना होगा एवं देशनोक में धोक लगाने के बाद वापसी खूडद धाम में दर्शन कर करेगा।
सारस्वत चूरू जिले में दिखे सक्रिय, ली बैठक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत को पार्टी द्वारा सदस्यता अभियान के चूरू जिले के प्रभारी बनाया गया है एवं इसी नाते सारस्वत गुरूवार को चूरू जिले में सक्रिय दिखे। सारस्वत गुरूवार को परसनेऊ मंडल के जोरावरपूरा, लाछडसर व राजलदेसर मंडल, पडीहारा मंडल आदि बूथों पर पहुंचें एवं स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ नागरिकों को सदस्यता ग्रहण करवाई। इस मौके पर सारस्वत ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा द्वारा विकसित भारत की दिशा में कार्य किए जाने की बात कही।

सुथार हरियाणा में सक्रिय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के भाजपा नेता एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार इन दिनों हरियाणा चुनावों में अपनी संगठनात्मक सक्रियता दिखा रहे है। सुथार पानीपत ग्रामीण सीट पार्टी प्रत्याशी महिपालसिंह ढाड़ा के पक्ष में प्रचार कर रहे है। गुरूवार को प्रत्याशी, सुथार एवं वहां के पार्टी नेताओं द्वारा ट्रेक्टर रैली निकाली गई। सुथार ने बताया कि हरियाणा में भाजपा के पक्ष में लहर है व वहां भाजपा द्वारा पुन: सरकार बनाई जाएगी।

उपाध्याय बने प्रदेश सचिव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के युवा देवेन्द्र उपाध्याय को विप्र फांउडेशन के युवा प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उपाध्याय की नियुक्ति का पत्र देते हुए प्रदेश महामंत्री भरत कुमार शर्मा ने उपाध्याय से समाज हित में सक्रिय होने का आह्वान किया है।




