May 20, 2026
evee

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जनवरी 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की पांच खास खबरें एक साथ, एक नजर में, देखें विभिन्न आयोजनों के फोटो भी।

देहदानी सिहाग की अंतिम यात्रा गुरूवार को, शहीद स्मारक पर रखी जाएगी दर्शनार्थ।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद कैप्टन चंद्रचौधरी के पिता एवं देहदानी बने कन्हैयालाल सिहाग की अंतिम यात्रा गुरूवार को उनके पैतृक गांव बिग्गाबास रामसरा में सुबह 11 बजे निकाली जाएगी। उनके पैतृक आवास से रवाना होकर उनकी देह को शहीद कैप्टन चंद्रचौधरी स्मारक में दर्शनार्थ रखी जाएगी एवं दोपहर एक बजे मेडिकल कॉलेज बीकानेर के चिकित्सकों को विधिवत रूप से सुपुर्द कर दी जाएगी।

लगाए नारे, मांगा पानी, सर्दियों में भी हाल-बेहाल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ शहर में पेयजल व्यवस्था इस कदर लचर हो चुकी है कि सर्दियों में भी क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। ऐसे में बुधवार को युथ कांग्रेस के गोल्डन तंवर की अगुवाई में वार्ड 25 के निवासियों ने जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता का घेराव किया एवं पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने जल्द समाधान नहीं करने पर कार्यालय की तालाबंदी करने की चेतावनी भी नारेबाजी कर दी है। इस दौरान तोलाराम जोशी, राजेश सोनी, जाकिर चुनगर, यूसुफ चुनगर, ताहिर खोखर, अकरम चुनगर, आजम खोखर, सलीम चुनगर, जबार चुनगर, असलम चुनगर, तनवीर बहलीम, अकरम गोरी, नफीद चुनगर, आरिफ चुनगर, उस्मान गनी चुनगर, रमजान चुनगर, जुनैद खोखर, आदिल चुनगर, दिलीप जोशी आदि मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पेयजल के लिए जलदाय विभाग कनिष्ठ अभियंत का घेराव करते वार्ड 25 के निवासी।

महाविद्यालय में जारी है सांस्कृतिक एवं खेलकूद सप्ताह, आज ये विद्यार्थी बने विजेता।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में सांस्कृतिक एवं खेलकूद सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के तहत बुधवार को अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं वित्तिय प्रबंधन विष्ज्ञय पर भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। कार्यक्रम संयोजक राजश्री स्वामी ने अहिल्याबाई होल्कर का जीवन परिचय दिया एवं सहायक आचार्य अमित तंवर ने छात्राओं को अहिल्या बाई से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। बुधवार को भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्रा हर्षिता दाधीच ने प्रथम, कैलाश गोदारा ने द्वितीय एवं तमन्ना राजपुरोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय में भाषण प्रतियोगिता में प्रस्तुती देते विद्यार्थी।

नोखा में चल रहे आंदोलन की आंच श्रीडूंगरगढ़ तक, दिया ज्ञापन, महिया पहुंचे नोखा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा में नवली गेट रेलवे ओवरब्रिज के डिजायन में बदलाव की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में बुधवार को नोखा पुलिस ने तीन आंदोलनकारियों को जबरन धरनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आंदोलनकारी मगनाराम केडली, लिच्छूराम सारण व सवाईसिंह चरकड़ा को गिरफ़्तार किया तो इस आंदोलन की आंच श्रीडूंगरगढ़ तक भी पहुंची। यहां से पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया पुलिस की इस दमनकारी निती के खिलाफ नोखा पहुंचें एवं धरने पर बैठे। वहीं दूसरी और माकपा कार्यकर्ताओं ने श्रीडूंगरगढ़ उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में अशोक शर्मा, ग्राम पंचायतों के प्रशासक सुनील मेघवाल, नंदकिशोर बिहानी, किसान नेता लालूराम सारण, राजेन्द्र जाखड़, मुकेश ज्याणी, गिरधारी भादू आदि शामिल रहे एवं आंदोलनकारियों को तुंरत बिना शर्त रिहा नहीं करने पर पूरे जिले में जनआंदोलन की चेतावनी दी। वहीं दिन भर चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद नोखा में तीनों आंदोलनकारियों को रिहा कर दिया गया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी के बाद नोखा पहुंचें श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी।

सुरजनसर में सामाजिक अंकेक्षण के तहत विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन शुरू।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुरजनसर में सामाजिक अंकेक्षण के तहत नरेगा कार्यों का भौतिक सत्यापन बुधवार से शुरू हुआ है। ब्लॉक रिसोर्स पर्सन किशनाराम भादू सहित टीम पंचायत पहुंची है एवं 1 अप्रेल 2024 से 30 सितम्बर 2024 तक हुए नरेगा कार्यों का भौतिक सत्यापन करते हुए रिकार्ड, पत्रावलियों का भी सत्यापन करेगें। 31 जनवरी को ग्राम सभा का आयोजन होगा जिसमें भौतिक सत्यापन रिपोर्ट ग्रामीणों के समक्ष रखी जाएगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत सुरजनसर में शुरू हुआ सामाजिक अंकेक्षण कार्य।