






पीएनबी द्वारा एग्रीकल्चर आउटरीच प्रोग्राम 11 को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2025। पंजाब नेशनल बैंक, घूमचक्कर रोड शाखा द्वारा 11 जुलाई शुक्रवार को एक दिवसीय एग्रीकल्चर आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैंक परिसर में आयोजित होगा। वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मानसिंह ने टाइम्स को जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को कृषि से जुड़ी बैंकिंग सुविधाओं, कृषि ऋण योजनाओं, और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम में किसानों को ऋण आवेदन की प्रक्रिया, ब्याज दरों, सब्सिडी योजनाओं एवं डिजिटल बैंकिंग से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी, साथ ही बैंक द्वारा किसानों के लिए विशेष योजनाओं के तहत आवेदन भी लिए जाएंगे। बैंक प्रबंधक ने अधिक से अधिक किसानों से कार्यक्रम में भाग लेकर लाभ उठाने की अपील की है।
विधायक ने लगवाए क्षेत्र में 1.25 करोड़ की लागत से 21 ट्रांसफॉर्मर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक ताराचंद सारस्वत ने क्षेत्र में 1.25 करोड़ की लागत से 21 ट्रांसफॉर्मर लगवाए है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि वर्षों से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्याओं से जूझ रहे श्रीडूंगरगढ़ में अब निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत 1.25 करोड़ रुपये की लागत से कस्बे में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। इस कार्य की शुरुआत विधायक ताराचंद सारस्वत की अनुशंसा पर हुई है। योजना के तहत 21 नए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं, जिससे अब बिजली की आंख-मिचौली की समस्या स्थायी रूप से समाप्त होने की उम्मीद है। विधायक ने सीएम का आभार जताते हुए बताया कि पूरे कस्बे में ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने से लोड संतुलन बेहतर होगा और ट्रिपिंग की समस्या में भी सुधार आएगा। बिजली आपूर्ति में सुधार आने से जनता को राहत मिलेगी ।
खोया-पाया : गांव लौट रहें ग्रामीण को सड़क पर मिला बैग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपने गांव लौट रहें एक ग्रामीण को सड़क पर एक बैग मिला है। जिसे वे सही मालिक तक पहुंचाना चाहते है। सुगनाराम सारण ने टाइम्स को बताया कि वह बुधवार शाम को श्रीडूंगरगढ़ से गांव जाखासर जा रहें थे। उन्हें कल्याणसर से पहले रास्ते में एक बैग मिला है। सारण ने बताया कि बैग उन्होंने कल्याणसर नया में प्रेम गोदारा की दुकान पर रखा है। जिस किसी का भी बैग है वो इसमें बंद सामान की तस्दीक करवा कर ले जा सकता है। सभी पाठक इस बैग को सही मालिक तक पहुंचाने में मदद भी करें।

पशु चिकित्सा संघ ने 11सूत्री मांगपत्र सौंपा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के बैनर तले बुधवार को संघ सदस्यों ने 11 सूत्री मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान जिला मंत्री हेतराम सिद्ध ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल ने सरकार से कर्मचारी हित में निर्णय लेकर मांगपत्र पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।




