May 21, 2026
evee

जोधपुर में हुई कार्यशाला, सेवा समिति को दिया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जोधपुर स्थित शुष्क वन अनुसंधान संस्थान में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन का रोड मैप तैयार करने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला मंगलवार को आयोजित की गई। जिसमें बीकानेर संभाग की और से क्षेत्र में वन्य सेवाओं में संलग्न आपणो गांव सेवा समिति ने भाग लिया एवं समिति के कार्यों को देखते हुए आयोजकों द्वारा सम्मान दिया गया। विशेषज्ञ डॉ सुमंत व्यास ने राज्य में हो रहे पारिस्थिति तंत्र के नुकसान को रोकने के लिए पशुधन, चारागाहों एवं ओरण, गोचर क्षेत्रों के संरक्षण एवं समुचित विकास की आवश्यकता जताई। कार्यशाला में कई विशेषज्ञों ने पत्रवाचन किया एवं इस दौरान आपणो गांव सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने वीडियो ब्रिफिंग के माध्यम से समिति द्वारा किए जा रहें वन क्षेत्र, वन संपदा एवं वन्य जीवों के संरक्षण के कार्यों की जानकारी दी एवं ग्रासलैंड विकसित करने का आग्रह किया। समिति की और से अध्यक्ष के साथ श्याम सेन, प्रियंक शाह भी मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए समिति के प्रतिनिधि।

सेवा शिविरों का आयोजन, विधायक ने किया दौरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे सेवा पखवाड़े की शुरूआत के साथ ही बुधवार को गांव बाना एवं श्रीडूंगरगढ़ शहर के कालूबास में सेवा शिविर आयोजित किया गया। जिसमें श्रीडूंगरगढ़ विधायक भी शामिल हुए एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ने शिविर में उपस्थित कार्मिकों को शिविर के माध्यम से ग्रामीणों के लंबित कार्य त्वरित प्रभाव से करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत किया एवं विधायक सारस्वत ने राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिाकरी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक ने किया सेवा शिविर का अवलोकन।

सरकारी स्कूलों में लग रहे छात्राओं को टिटनेस एवं डिफ्थिरया के टीके।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में छात्राओं का टीकाकरण किया जा रहा है। ब्लाक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में बुधवार को 10 से 11 आयुवर्ग की छात्राओं को एवं 15 से 17 आयुवर्ग की छात्राओं का टीकाकरण किया गया। इसके लिए छात्राओं की उपस्थिति शत प्रतिशत रखने के निर्देश दिए गए थे एवं वंचित रही छात्राओं का 24 सितम्बर को टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान स्कूल स्टाफ के साथ मेडिकल स्टाफ सक्रिय रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरकारी स्कूलों में लगाए बालिकाओं को टीके।

संत भरत शरण ने दी योग से अध्यात्म की प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के मुख्य बाजार में संचालित अनुराधा काया कल्प सेंटर में स्थाई रूप से चलने वाले नि:शुल्क योग शिविर में बुधवार को संत भरत शरण महाराज भी पहुंचें। महाराज ने योग से अध्यात्म की और जुड़ने की प्रेरणा दी एवं प्राणायाम के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर शंकरलाल भूंवाल, गोपाल शर्मा, प्रेमलता डागा, गोपी मोरवानी, लक्ष्मी धनवानी, गुंजन थदानी, पूनम, जया वासवानी आदि ने संत का अभिनंदन किया एवं योग शिक्षक ओमप्रकाश भूंवाल ने सभी का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संत भरत शरण जी महाराज पंहुचे नि:शुल्क योग शिविर में, दी अध्यात्म की प्रेरणा।

श्रीडूंगरगढ़ की बेटी ने लगातार चौथी बार जीत लिया युनिवर्सिटी मैडल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की प्रतिभावान बेटी दिशा तोलंबिया ने जूडो खेल में लगातार चौथी बार विश्वविद्यालय स्तर पर मैडल जीत लिया है। दिशा कस्बे के जयहिंद स्पोर्टस एकेडमी की खिलाड़ी है एवं वर्तमान में डूंगर कॉलेज बीकानेर की छात्रा है। दिशा ने श्रीगंगानगर के गुरू नानक खालसा पीजी कॉलेज में आयोजित हुई जूडो प्रतियोगिता में डूंगर कॉलेज की और से खेलते हुए कांस्य पदक जीता है। कोच नितिनसिंह, सिकंदरसिंह, मुकेश जांगीड़, जितिन सिंह ने बताया कि दिशा इससे पहले भी भारती निकेतन की और से खेलते हुए तीन बार विश्वविद्यालय स्तर पर पदक विजेता रह चुकी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दिशा तोलम्बिया ने जीता युनिवर्सिटी टूर्नामेंट में जूडो का ब्रॉन्ज मैडल।