May 20, 2026
008

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अप्रेल 2023। महंगाई राहत शिविरों में पशुपालन विभाग द्वारा क्षेत्र के पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण कार्य उनके पशु का कामधेनु योजना में बीमा करने का किया जाएगा। लंपी की चपेट में लाखों की संख्या में गौवंश ने प्राण गवांए और आर्थिक रूप से गौवंश पर निर्भर परिवारों की कमर टूट गई। मुख्यमंत्री द्वारा बजट 2023-24 में घोषित कामधेनु बीमा योजना में सरकार द्वारा गौवंशीय दुधारू पशु का नि:शुल्क बीमा किया जाना प्रारंभ हो गया है। योजना में 750 करोड़ का वार्षिक व्यय किया जाएगा तथा राज्य के 20 लाख से अधिक पशुपालकों को लाभ दिया जाएगा। विभागीय अधिकारी डॉ उत्तम सिंह भाटी ने बताया कि एक जनआधार कार्ड से दो दुधारू पशुओं का नि:शुल्क बीमा किया जाएगा। भाटी ने बताया कि महंगाई राहत शिविर में शत प्रतिशत पशुपालकों को इसका लाभ देने का चार्ट रूट विभाग द्वारा बनाया जा रहा है। इसमें गौंवश की कीमत अधिकतम 40 हजार तक का होगा। संबंधित पशुपालक परिवार की आय 8 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। पशु चिकित्सक डॉ. देवीलाल सैनी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आम पशु पालकों व किसानों तक लाभ पहुंचाया जाएगा। सैनी ने बताया कि 8 लाख से अधिक रूपए की वार्षिक आय वाले पशुपालकों को अधिकतम 200 रूपए प्रति पशु प्रति वर्ष की दर से भुगतान करना होगा। शेष पूरी जानकारी पशुपालक अपने नजदीकी पशु केन्द्र में संपर्क कर ले सकते है। सभी पाठक ये जानकारी पशुपालकों तक पहुंचाए जिससे वे अपने गांव में आयोजित महंगाई राहत शिविर में योजना का लाभ उठा सकें।