






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 सितम्बर 2024। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ, देखें सभी के फोटो
प्रदेशाध्यक्ष भादू का हुआ राष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्राइवेट स्कूलों के राष्ट्रीय स्तरीय संगठन नेशनल इंडिपेंडेंस स्कूल एलांइस का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन दिल्ली में आयोजित हुआ है। इस अधिवेशन में देश भर के विभिन्न राज्यों से आए प्राईवेट स्कूलों के संगठनों के प्रदेशाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य शामिल हुए। इस दौरान राजस्थान से स्कूल एज्युकेशन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कोड़ाराम भादू को सक्रियता के लिए एक्सीलेंस एज्युकेटर अवार्ड का सम्मान दिया गया। बैठक में प्राइवेट स्कूलों के लिए अलग से बोर्ड का गठन, नई शिक्षा नीति, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की विभिन्न राज्यों में क्रियान्वती उनके सामने समस्याएं एवं चुनौतियां, नेशनल लेवल करिकुलम, बाल वाहिनियों के संबंध में विभिन्न राज्यों में परिवहन विभाग के नियमों, देश के विभिन्न हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्राइवेट स्कूलों के संबंध में दिए गए निर्णय की स्थिति, डीबीटी, बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा, शिक्षकों का प्रशिक्षण, व शिक्षा में कैसे सुधार हो सकता है आदि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

शैक्षणिक भ्रमण में किया आस्था स्थल को नमन, जाना गौरवशाली इतिहास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में स्थित गौरक्षार्थ शहीद होने वाले लोकदेवता वीर बिग्गाजी के धड़देवली धाम बिग्गा में एवं औरंगजेब को भी पर्चा देकर अपनी आध्यात्मिक शक्ति का परिचय देने वाले गुरू हंसोजी महाराज के धाम पर लिखमादेसर में शनिवार को गांव बेनीसर के आर्यस्थली विद्यापीठ के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण रहा। प्राचार्य अमित आर्य ने बताया कि धाम के मंहत भंवरनाथ के सानिध्य में इस भ्रमण के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस आस्था स्थल को नमन करते हुए गौरवशाली इतिहास के बारे में विस्तार से जाना। इस दौरान स्थापत्य कला की दृष्टी से समृद्ध इस धाम को लेकर बच्चे खासे रोमांचित हुए। गांव के सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध ने बताया कि गांव लिखमादेसर में बतौर पर्यटक के रूप में शैक्षणिक भ्रमण पर आए सभी विद्यार्थियों के लिए प्रसाद की व्यवस्था सरपंच द्वारा की गई। इस दौरान गत दिनों गांव में आयोजित खेल महोत्सव में सक्रिय रहे युवाओं का सफल आयोजन के लिए आभार जताते हुए सम्मान भी किया गया एवं सामूहिक रूप् से प्रसाद लिया गया।

डेलवां के बेटे रोलर स्केटिंग में जीता रजत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव डेलवां के बेटे महेन्द्र डेलू ने शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 68वीं जिला स्तरीय रोलर स्केटिंग 17 वर्ष आयुवर्ग में रजत पदक प्राप्त किया है। महेन्द्र के पिता तुलसीराम डेलू ने बताया कि बीकानेर में आयोजित प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान पर रहा है।

स्टेट लेवल कबड्डी में बीकानेर की टीम अभी तक अजेय, लगातार आठ मैच जीत कर पहुंची सेमीफाईनल में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत दिनों क्षेत्र के गांव माणकरासर में आयोजित हुई जिला स्तरीय स्कूली 19 वर्ष आयुवर्ग छात्रा कबड्डी में जिले भर की श्रेष्ठ खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन कर जिले की टीम का गठन किया गया था। और बीकानेर जिले की इस टीम ने अनुपगढ़ के रावला मंडी में आयोजित हो रही स्टेट लेवल प्रतियोगिता में अभी तक अजेय प्रदर्शन किया है। टीम ने लगातार 8 मैच जिते है एवं लीग मैचों में भी एक भी मैच नहीं हारा। लीग में सर्वोच्च अंकों के साथ बीकानेर की टीम सेमीफाईनल में पहुंच गई है। इस टीम में क्षेत्र के गांव रीड़ी की बेटी चैना जाखड़ एवं गांव पूनरासर की बेटी गायत्री सिद्ध भी ग्राऊंड 7 में खेल रही है एवं अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दे रही है। टीम में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की कुल 4 खिलाडियों का चयन हुआ था।




