






अंचल में पलटा मौसम, हुई बरसात, चली तेज हवाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मौसम विभाग की संभावना के अनुरूप आज क्षेत्र में मौसम बदल गया। शाम को बादल छा गए व तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। गांव डेलवां में बरसात के साथ तेज आंधी आई जिससे किसान नुकसान को लेकर आशंकित हो गए है। गांव रीड़ी में भी तेज हवाओं ने किसानों की चिंताए बढ़ा दी। बता देवें मौसम विभाग ने 20 व 21 मार्च को बीकानेर चूरू जिलों सहित पूरे संभाग में बरसात की संभावनाए जताई थी।


पर्यावरण संरक्षण के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए समिति सदस्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जोधपुर में फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए शामलात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम घासभूमि और चारागाह भूमि प्रबंधन पर केंद्रित था। कार्यक्रम में आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के मनोज कुमार, रामावतार सुथार, शूरवीर मोदी मदन सोनी शामिल हुए। समिति सदस्यों ने विषय के अनुरूप अपने अनुभव साझा किए व श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की चुनौतियां और समाधानों पर चर्चा की। संस्था संचालक शूरवीर मोदी ने समिति के कार्यों के बारे में जानकारी दी। समिति अध्यक्ष मनोज डागा ने बताया कि ये संगठन पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है। आयोजन का उद्देश्य समुदायों और विशेषज्ञों को एक मंच प्रदान करना था, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें। बैठक में सामूहिक रूप से प्रकृति के संरक्षण की दिशा में कार्य कर सकने की संभावनाओं को तलाशा गया।

रोजगार सहायता शिविर शुक्रवार को, तैयारियों को दिया अंतिम रूप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला प्रशासन के निर्देशन में उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय द्वारा शुक्रवार को एम.एम. ग्राउण्ड में रोजगार सहायता शिविर आयोजित होगा। इसकी शुरुआत प्रातः 9ः30 बजे होगी। इससे जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक हरगोबिन्द मित्तल ने बताया कि शिविर में जिले के बेरोजगार आशार्थियों को रोजगार सहायता, स्वरोजगार एवं रोजगार हेतु व्यक्तिगत मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। मित्तल ने बताया कि बेरोजगार आशार्थी क्यू.आर. कोड के माध्यम से मेला स्थल पर ऑन स्पॉट पंजीयन करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक निजी क्षेत्र की 25 प्रतिष्ठित संस्थाओं और कम्पनियों ने रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए पंजीयन करवाया है। इसमें से मुख्यत ऑटोमोबाईल क्षेत्र में बीकानेर मोटर्स, औरिक मोटर्स प्रा. लि., राजाराम धारणिया फॉर व्हील्स, सौर ऊर्जा क्षेत्र में बुल पॉवर एनर्जी लिमिटेड, जसरासर ग्रीन एनर्जी, जयपुर से देवदूत एग्रीटेक लिमिटेड, गुरूग्राम से एनआईआईटी लिमिटेड, अहमदाबाद से वैदिक चेरिटेबल ट्रस्ट और जीएसए फाउंडेशन एवं बीकानेर से सिंथेसिस इंस्टिट्यूट, एपेक्स हॉस्पिटल, देसाई ब्रदर्स लिमिटेड द्वारा माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, स्नातक, आई.टी.आई., डिप्लोमा, नर्सिंग, बी.टेक., एम.बी.ए., बी.बी.ए., बी.एड. शैक्षणिक योग्यता वाले आशार्थियों की लगभग दो हजार से अधिक रिक्तियों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में बेरोजगार आशार्थी समस्त शैक्षणिक-प्रशैक्षणिक एवं अन्य योग्यता प्रमाण पत्र मय फोटो उक्त तिथि को उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं।



