






सरकार के वकील बने सोहन सिद्ध।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधि शासन सचिव सुरेशचंद बंसल ने शुक्रवार देर शाम एक आदेश जारी किया जिसमें श्रीडूंगरगढ़ व बीकानेर कोर्ट में अपर लोक अभियोजक लगाए है। श्रीडूंगरगढ़ में एडवोकेट सोहन सिद्ध अपर लोक अभियोजक एवं राजकीय अभिभाषक बने है। वहीं बीकानेर में राजपाल सिंह राठौड़ की नियुक्ति की गई है। सिद्ध अब कोर्ट में राज्य सरकार की ओर से पैरवी करेंगे। सिद्ध को इस पद पर नियुक्त होने पर वरिष्ठ एडवोकेट पूनमचंद मारू, ओमप्रकाश पंवार, रणवीरसिंह खिची, रोहित सिंह राठौड़, अबरार अहमद, राजीव अत्रे, मांगीलाल नैण, नारायण प्रसाद जोशी, बृजेश पुरोहित, रामलाल नायक, भारती स्वामी, रश्मि करनाणी, जितेंद्र स्वामी सहित अनेक जानकार बधाइयां दे रहें है।

गौ माता धर्म को जन्म देने वाली है- तिवाड़ी, गौसेवार्थ आयोजित भागवत कथा में दानदाताओं ने एक प्याऊ व 3 टीन शेड निर्माण का संकल्प लिया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मई 2025। श्रीकृष्णा गौसेवा समिति गौशाला, दुसारणा में भक्तिमय भागवत आयोजन के दूसरे दिन शुक्रवार को कथा वाचक पंडित प्रकाश तिवाड़ी ने गौ महिमा का बखान करते हुए कहा कि गौ माता धर्म को जन्म देने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने बच्चे का पोषण करती है उसी प्रकार गौ माता धर्म का पोषण करती है। तिवाड़ी ने कथा के विभिन्न प्रसंग सुनाते हुए भाव का महत्व बताया। शुक्रवार को कथा में पहुंचे दानदाताओं का सम्मान किया गया। कथा के मंच पर दुसारणा पीपासरिया निवासी पेमाराम गोदारा ने शीतल जल (मय वाटर कूलर) एक प्याऊ का निर्माण करवाने का संकल्प लिया। श्रद्धालु अन्नीदेवी पत्नी दिवंगत लाखूराम सारण ने गौशाला में 30*45 का एक टीन शेड, राधा देवी पत्नी दिवंगत भैराराम गोदारा ने 30*45 का टीन शेड का निर्माण, मालारा पद्माराम (मास्टर ) पूर्व सरपंच प्रतिनिधि परिवार ने 40*75 के टीन शेड का निर्माण करवाने का संकल्प लिया। पांडाल में मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने दानदाता परिवारों का आभार जताया। कथा के दौरान पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया भी पहुंचे व गौसेवा को किसान की खुशहाली का मार्ग बताया। मंच पर महिया का सम्मान किया गया। कथा सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और दूसरे ही दिन पांडाल व्यवस्था को स्वयंसेवकों ने विस्तार दिया। वहीं पांडाल में गर्मी को देखते हुए कूलरों की व्यवस्था भी की गई है। गौशाला समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए 4 बसों सहित 10 गाड़ियां सेवा में लगाई गई है।

एनसीसी कैडेट अरविंद सिंह को 5100 का चेक देकर पुरस्कृत किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारती निकेतन महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का एकमात्र संस्थान है जहां NCC संचालित हो रही है। इस वर्ष 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में संस्थान का कैडेट सीनियर अंडर ऑफिसर अरविंद सिंह शेखावत का चयन हुआ था। इस चयन के लिए संस्थान के संचालक ओमप्रकाश स्वामी ने अरविंद को 5100 रूपए का चेक देकर पुरस्कृत किया। शुक्रवार को इस दौरान आयोजित सम्मान कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद नारायण पुरोहित, कुलदीप शर्मा, कोऑर्डिनेटर रमेश कुमार भोजक तथा एनसीसी एएनओ नितिन सिंह उपस्थित रहें। सभी ने कैडेट अरविंद को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



