May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2023। शुक्रवार को दिन की प्रमुख खबरें पढ़ें एक साथ इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में।

वीएचपी करेगी हर वार्ड में बैठक, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2023। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों की आज विहिप कार्यालय जिलाध्यक्ष जगदीश स्वामी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। स्वामी ने पदाधिकारियों को श्रीडूंगरगढ़ शहर के हर वार्ड में बैठक करने व सभी वार्डों में वीएचपी यूनिट बनाने की बात कही। वीएचपी व बजरंग दल द्वारा नए सदस्य जोड़ने सहित क्षेत्र के 25 गांवो में कार्यकारणी का गठन करने का निर्णय लिया गया। परिषद के भंवरलाल दुगड़ ने संगठन को मजबूती देने के लिए युवाओं से नियमित समय देने व संगठन कार्य करने की बात कही। बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी, प्रखंड अध्यक्ष श्यामसुन्दर जोशी, प्रखंड मंत्री संतोष बोहरा, बजरंग दल जिला संयोजक वासुदेव सारस्वत व भैराराम डूडी बैठक में मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में चर्चा करते विहिप पदाधिकारी।

जोशोखरोश के साथ रवाना हुए पूनरासर जातरू, शरदपूर्णिमा की सुबह करेगें दर्शन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2023। शरदपूर्णिमा मेले में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या में शहर से पूनरासर पैदल यात्री शुक्रवार को सुबह से लेकर देर रात तक रवाना होते रहे। विभिन्न संघों के बैनर तले ये जातरू शनिवार सुबह शरदपूर्णिमा की आरती में भाग लेकर बाबा के दर्शन करेगें एवं मन्नतें मांगेगें। श्रीडूंगरगढ़ से पूनरासर कच्चे मार्ग पर जातरूओं की सेवा के लिए रास्ते में कई जगहों पर सेवा शिविर भी लगाए गए एवं लोगों को कच्चे रास्ते के दौरान रास्ताभ्रम नहीं हो इसके लिए निशानदेहियां भी की गई। कस्बे के आडसर बास पूनरासर पैदल यात्री संघ के बैनर तले जातरू नाचते गाते रवाना हुए। संघ में छोटू सोनी, महावीर सोनी और चंदन सोनी व रोहित सोनी सहित अनेक श्रद्धालु जयकारों के साथ शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आडसर बास से पूनरासर के लिए पैदल रवाना होते जातरू।

माकपा सम्मेलन की तैयारियों को दिया अंतिम रूप, शनिवार को एकत्र होगें हजारों कार्यकर्ता।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2023। विधानसभा चुनावों को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन शनिवार 28 अक्टूबर को श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के आडसर स्थित श्रीराम भवन में आयोजित होगा। आगामी विधानसभा चुनावों में माकपा के प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा आपसी चर्चा के साथ रणनीति बनाई जाएगी एवं बूथ स्तरीय जिम्मेदारियां बांटी जाएगी। सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी।