






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जून 2024। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वाधान में शाखा श्रीडूंगरगढ़ द्वारा “मौलिकता रहें सुरक्षित, परिवर्तन सदा अपेक्षित” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आचार्य तुलसी की पुण्यतिथि से पूर्व साध्वीश्री कुंथुश्री जी के सान्निध्य में आयोजित कार्यशाला में साध्वी ने प्रेरणा देते हुए कुरूतियों को छोड़कर समय के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि धर्मसंघ ने परिवर्तन को कभी अस्वीकार नहीं किया। परंतु परिवर्तन के नाम पर हर व्यक्ति मर्यादा का उल्लघंन नहीं करें। जो जडें है उनकी मौलिकता कायम रहनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे प्रगति पथ पर बढें परंतु मौलिकता ना छोड़े। भाषण प्रतियोगिता में महिला मंडल व कन्या मंडल की एक दर्जन महिलाओं व बालिकाओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी का स्वागत महिला मंडल अध्यक्ष सुनीता डागा ने किया व मंत्री संगीता बोथरा ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन अम्बिका डागा ने किया।
मोनिका रही प्रथम स्थान पर, होगा सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने आचार्य तुलसी के क्रांतिकारी विचारों के अनुरूप धर्मसंघ में समय के साथ हो रहें विराट परिवर्तनों के साथ संघ के मूल्यों की मौलिकता कायम रहने पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में मोनिका मालू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं द्वितीय स्थान पर नीतु बोथरा रही। तीसरे स्थान पर दो प्रतिभागी बराबर अंको के साथ संगीता बोथरा व संपत देवी मालू रही। निर्णायक की भूमिका श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की संपादक कपिला स्वामी व सभा के मंत्री प्रदीप पुगलिया ने निभाई। सभी विजेता प्रतिभागियों को सोमवार सुबह मालू भवन में आचार्य तुलसी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।
आचार्य की स्मृति में तेरापंथ समाज मनाएगा विसर्जन दिवस, बसे होगी रवाना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आचार्य तुलसी की 27वीं पुण्यतिथि पर तेरापंथ समाज द्वारा 24 जून, सोमवार को सुबह 8.30 बजे मालू भवन में विसर्जन दिवस मनाया जाएगा। तेरापंथ सभा के तत्तवाधान में आयोजित कार्यक्रम में साध्वीश्री का प्रवचन होगा। इसमें तेरापंथ समाज की सभी संस्थाओं के पदाधिकारी व श्रावक श्राविकाएं भाग लेंगी। सभा के मंत्री प्रदीप पुगलिया ने बताया कि उसी दिन शाम को गंगाशहर में नैतिकता के शक्ति पीठ पर भक्ति संध्या का आयोजन होगा जिसमें भाग लेने के लिए श्रीडूंगरगढ़ से मालू भवन के सामने से शाम 4.30 बजे बसें रवाना होगी।







