






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितंबर 2025। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में आई रैड डीआरएम महेश कुमार शर्मा ने बताया कि जयपुर रोड़ पर कट बंद करने से दुर्घटनाओं में कमी आई है। लेकिन बीकानेर में पिछले चार सालों में एक्सीडेंट की संख्या और मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिले में 2021-22 और 23- 24 में दुर्घटनाओं की संख्या क्रमश: 435, 499, 569, 584 और मरने वालों की संख्या क्रमश: 338, 369, 360, 389 रही है। उन्होंने बताया कि जिले में सर्वाधिक दुर्घटनाएं श्रीडूंगरगढ़ में हुई और मरने वालों की संख्या भी सर्वाधिक श्रीडूगंरगढ़ में रही है। जिले में उसके बाद नोखा रहा है। शाम 6-9 बजे के बीच सर्वाधिक दुर्घटनाएं होती है। जिला कलेक्टर ने बसों और ट्रकों पर लगी एक्सट्रा हैड लाइट को हटाने को लेकर परिवहन विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं बैठक में बीकानेर शहर में सड़क व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अनेक निर्णय लिए गए।
गांवों से एनएच को जोड़ने वाली सड़कों पर बनेंगे स्पीड ब्रेकर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनएच-11 और एनएच-62 को कनेक्ट करने वाली जितनी भी सड़क हैं जो विभिन्न गांवों से आकर एनएच को कनेक्ट करती है। उन पर एनएच कनेक्ट होने से थोड़ा पहले स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। ताकि एक्सीडेंट में कमी आए। बीडीए की सीमा तक ये कार्य तत्काल शुरू किया जाए।
बैठक में ये रहे मौजूद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीडीए आयुक्त डॉ. अपर्णा गुप्ता, एडीएम सिटी रमेश देव, आरएसआरडीसी पीडी शिल्पा कच्छावा, एसई पीडब्ल्यूडी विमल गहलोत, एसई पीडब्ल्यूडी एनएच जे.एस.कच्छावा, अधिशाषी अभियंता रोहिताश्व सिंह, डीटीओ श्रीमती भारती नथानी, बीडीए अधिशासी अभियंता श्रीमती वंदना शर्मा, यातायात पुलिस निरीक्षक नरेश निर्वाण, आरयूआईडीपी सहायक अभियंता मनीष बिश्नोई, आईरेड डीआरएम महेश कुमार शर्मा, एनएचएआई से साइट इंजीनियर श्रेया सिंह और आर.एन.सिंह, बीकेईएसएल मैनेजर गौरव शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





