May 19, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अगस्त 2022। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की सबसे पुरानी व बड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में अब तालाबंदी होगी। विद्यालय परिसर में पानी घुसने एवं विद्यालय के खेल मैदान में पानी जमा होने से बने अस्थाई जोहड़ से मच्छर होने, विद्यालय के आस पास सफाई नहीं होने से इस विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में खासा आक्रोश है। आक्रोशित विद्यार्थियों ने इस संबध में कई बार शिक्षा विभाग एवं प्रशासन के अधिकारियों को अवगत करवाया लेकिन सुनवाई नहीं होने अब छात्रों में रोष बढ़ गया है। बुधवार को विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से कक्षाओं का बहिष्कार कर राउमावि से उपखण्ड कार्यालय, शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं नगरपालिका कार्यालय तक रैली निकाली एवं प्रशासन, पालिका प्रशासन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। विद्यार्थियों ने उपखण्ड अधिकारी, ब्लाक शिक्षा अधिकारी एवं नगरपालिका अध्यक्ष को ज्ञापन भी दिए। नगरपालिका कार्यालय में विद्यार्थियों ने घेराव किया एवं पालिकाध्यक्ष के समक्ष अपना रोष प्रकट किया। विद्यार्थी पालिका कार्यालय के बरामदे में ही धरना लगा कर बैठ गए एवं त्वरित सुनवाई करने की मांग की। इस पर पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने बच्चों ने समझाईश कर उनका आक्रोश शांत किया। पालिकाध्यक्ष शर्मा ने गुरूवार को सुबह नौ बजे स्कूल आने एवं स्कूल आकर मौका स्थिति देखने, समस्याएं दूर करने का हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थी पालिका से बाहर आए। ज्ञापन में विद्यार्थियों ने तीन दिनों में सफाई व्यवस्था नहीं सुधरने पर विद्यालय के तालाबंदी आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राउमावि के विद्यार्थियों ने निकाली रैली, लगाए नारे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ब्लाक शिक्षा अधिाकरी को ज्ञापन देते विद्यार्थी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखण्ड प्रशासन को ज्ञापन देते राउमावि के विद्यार्थी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिका परिसर में धरना देकर नारेबाजी करते राउमावि के विद्यार्थी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यार्थियों से समझाईश करते पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा।