August 30, 2026
श्रीडूंगरगढ़ के प्रवासी मिले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से, समाज की सामाजिक व शैक्षणिक प्रगति पर हुई सार्थक चर्चा, पढें पूरी खबर

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 नवंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के प्रवासी नागरिकों व युवाओं ने अपने पुरूषार्थ के बल पर परदेश में अपनी विशिष्ट पहचान कायम करने के साथ समाज उत्थान के कार्यों में भी उल्लेखनीय भागीदारी निभाई है।
रविवार शाम को राजस्थान फाउंडेशन व आरएन नोवाल फाउण्डेशन के तत्वाधान में आयोजित समारोह में शामिल होने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पहुंचे। श्रीडूंगरगढ़ निवासी और गुवाहाटी माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष प्रवासी सीताराम बिहानी ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के गुवाहाटी प्रवास के दौरान उनसे मुलाकात की। बिहानी ने असमिया परंपरा के अनुसार शिक्षा मंत्री का अभिनदंन किया। दोनों के बीच लंबी वार्ता हुई जिसमें पूर्वांचल में रहने वाले प्रवासी समाज की सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियां चर्चा का विषय रही। बिहानी ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने राजस्थानी बंधुओं से प्रेमपूर्वक मुलाकात की व सभी का आभार जताया। उन्होंने प्रवासी बंधुओं के हित में सहयोगी रूख अपनाने की बात कही। मंत्री ने प्रवासी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासियों ने अपनी मेहनत, व्यापारिक कुशलता व सामाजिक एकजुटता के साथ राजस्थान व राजस्थानी की पहचान को गढ़ा है। सभी प्रवासी बंधुओं ने मंत्री से राजस्थान व असम के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक सेतु को ओर अधिक मजबूत करने के प्रयास करने का आग्रह किया।