August 30, 2026
0000000101010100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में भले ही प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत नगरपालिका की आबादी भूमि पर लोगों को पट्टे मिले है लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे आवेदक भी है जो कि अधूरे और एवं अमान्य कागजातों पर भी येन केन प्रकारेण अपने पट्टे बनवाने के लिए धोखाधड़ी का सहारा ले रहे है। ऐसा ही देखने को मिला बुधवार को नगरपालिका प्रांगण में जहां एक फाईल पर सिटी पटवारी द्वारा रिपोर्ट करने के बाद पट्टा बनवाने के लिए उसमें काट-छांट कर दी गई। सिटी पटवारी शंकरलाल जाखड़ ने बताया कि उन्हें नगरपालिका की भूमि शाखा लिपिक द्वारा सूचना मिली की पालिका प्रांगण में नियम विरुद्ध पट्टा बनवाने के लिए उनके द्वारा दी गई रिपोर्ट में गड़बड़ी की जा रही है। ऐसे में जाखड़ ने पालिका कार्यालय पहुंच कर रिपोर्ट की गई फाईलों का अवलोकन किया गया। इस दौरान कस्बे में सरदारशहर रोड पर खातेदारी भूमि के खसरे नम्बर 1053 में 541.33 स्क्वायर मीटर के भूखंड के पट्टे हेतु मोहम्मद समीर एवं मोहम्मद आफताब द्वारा किए गए आवेदन फाईल को देखा गया। इस फाईल में पटवारी रिपोर्ट के रूप में “खातेदारी भूमि है, जिसकी जमाबंदी, बेचान दस्तावेज इत्यादि कुछ भी नहीं है”, की रिपोर्ट की गई थी। लेकिन मौके पर जाकर देखा गया तो उस रिपोर्ट में कुछ भी नहीं है और उसे काट दिया गया। अब रिपोर्ट में केवल यही रखा गया कि “खातेदारी भूमि है जिसकी जमाबंदी, बेचान दस्तावेज इत्यादी है” यह स्थिति देखने के बाद सिटी पटवारी ने अन्य फाईलों में भी गड़बड़ किए जाने की आशंका जताई है एवं बनाए गए पट्टों की भी जांच करवाने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग अधिकारियों से की है।