






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में बुधवार को पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा की अध्यक्षता में बजट बैठक संपन्न हुई। जिसमें श्रीडूंगरगढ़ शहर में विकास के लिए वर्ष 2025-26 के लिए 178.45 करोड़ का बजट पारित किया गया है। इस दौरान विपक्ष ने खूब हंगामा किया और सत्तापक्ष द्वारा बजट पारित कर दिया गया। बजट में एकबार फिर कच्चे जोहड़ के सौंन्दर्यकरण करने के लिए 1 करोड़ 50 लाख का बजट रखा गया है। वहीं ट्रेक्टर मरम्मत व डीजल खर्च के लिए 1 करोड़ रूपए, मशीनरी, उपकरण व वाहन क्रय करने के लिए 2 करोड़ 50 लाख, सफाई ठेका 1 करोड़ 20 लाख रूपए, सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ व सड़कों की मरम्मत के लिए 20 लाख रूपए की राशि का प्रावधान किया गया है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने आगामी वित्तीय वर्ष में विभिन विकासोन्मुखी योजनाओं का संचालन करने व शहर में साफ सफाई व्यवस्था दुरस्त करने के साथ कस्बे के सौन्दर्यकरण पर विशेष रूप से कार्य किए जाने की बात कही। करीब सवा घंटे चली बैठक में पालिका ईओ अविनाश शर्मा ने पार्षदों के प्रस्ताव लिए व उनपर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। शर्मा ने सभी का आभार जताया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, पालिका उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार, पार्षद विनोदगिरी गुसाई, संतोष बोहरा, रजत आसोपा, लोकेश गौड़, जगदीश गुर्जर, अरूण पारीक, सोहनलाल ओझा, कार्मिक सूरजभान, हरीश गुर्जर सहित पक्ष विपक्ष के पार्षद व पालिका कार्मिक मौजूद रहें।
पालिकाध्यक्ष ने दिया आश्वासन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स से बातचीत में कहा कि सर्वप्रथम बरसात से पहले पानी निकासी के लिए बड़े नाले डलवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिन वार्डों में पेयजल किल्लत है उन वार्डों में समाधान के प्रयास होंगे। शर्मा ने कहा कि जहां सड़कें बिल्कुल टूट फुट गयी है उनके एस्टीमेट बनवा कर शीघ्र ही टेंडर जारी कर बनवा दी जाएगी। इसी के साथ कस्बे के विकास के लिए एमएलए व एमपी कोटे से भी मांग रखी जाएगी।
पार्षदों ने उठाई शहर की विभिन्न समस्याएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में पार्षद विनोदगिरी गुसाईं ने गर्मियां आने से पूर्व ही पालिका क्षेत्र में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए नए ट्यूबवेल का निर्माण करवाने की मांग की। गुसाईं ने कहा कि पेयजल के लिए नागरिकों को परेशानी ना हो इसके लिए पालिका द्वारा पीएचईडी के साथ मिलकर प्रभावी योजना बनानी चाहिए। उन्होंने गाड़ियां लूहार परिवारों को भूमि आवंटन करने, शहर में सफाई व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग रखी। रजत आसोपा ने श्रीडूंगरगढ़ स्थापना दिवस मनाए जाने, दाधीच समाज के लिए भूमि आवटंन करने, गौशाला में मृत पशु उठाने के लिए 100 रूपए का शुल्क तय करने के प्रस्ताव रखें। लोकेश गौड़ ने युवाओं के लिए स्टेडियम का कार्य पूरा करवाने का प्रस्ताव रखा। पार्षद प्रतिनिधि नानूराम प्रजापत ने वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरस्त किए जाने की मांग उठाई। वहीं वार्ड 4 के पार्षद ने वार्ड में कहीं सड़क व नालियां नहीं होने, सफाई नहीं होने व कचरा संग्रहण वाहन के नहीं आने की शिकायत की। वहीं नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने विपक्ष की सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया। पारख ने कहा कि विपक्ष के जनप्रतिनिधि फोन करते है तो जिम्मेदार ठीक से जवाब भी नहीं देते है और ना ही काम करने के लिए कार्मिक आते है। पारख ने कहा कि प्रतिवर्ष बजट में कच्चे जोहड़ के लिए 50 लाख रूपए का प्रावधान रखा जाता है जो इस बार 1 करोड़ 50 लाख कर दिया गया है, तो इस पर तुरंत कार्य प्रारंभ किया जाना चाहिए।
आंकड़ो का बजट है, वास्तविकता से कोई लेन-देन नहीं- ओझा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वरिष्ठ पार्षद सोहनलाल ओझा ने बैठक में विभिन्न सुझाव रखते हुए पालिका द्वारा बजट में सुधार किए जाने की मांग की। ओझा ने कहा कि ये केवल आंकड़ो का बजट है इसका वास्तविकता से कोई लेना देना नहीं है। बजट पालिका के पीडीए अकाउंट व कैश बुक से मेल नहीं खाता है। ओझा ने कहा कि पालिका द्वारा स्वयं की आय के लिए कोई रणनीति नहीं बनाई गई जिसके लिए सरकार ने बार बार आदेशित किया है। बजट के साथ दो वर्ष का लेखा जोखा प्रकाशित करवाना अनिवार्य जो नहीं करवाया गया है। वहीं वित्त समिति व कार्यपालक समिति का गठन ही नहीं किया गया है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बजट बैठक में नहीं बुलाए जाने, पालिका की दुकानों का बकाया किराया व किराया वसूल किए जाने, ट्रैक्टर मरम्मत व डीजल के लिए 1 करोड़ की राशि किए जाने का कड़ा विरोध जताया। ओझा ने गत बजट का खर्च ब्यौरा भी दिए जाने की मांग की।



