May 20, 2026
008

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मई 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के युवा इन दिनों बड़े अपराधियों की गैंग से जुड़ कर अपना जीवन बर्बाद कर रहे है। यहां पूर्व में राजू ठेहठ हत्याकांड के आरोपियों को पैसे पहुंचाने में दो युवक गिरफ्तार हुए ही थे कि गुरूवार को बीकानेर में फायरिंग कर बड़ी वारदात की प्लानिंग कर रहे श्रीडूंगरगढ़ के तीन युवकों सहित चार जनों को गिरफ्तार किया है एवं आरोपियों से पिस्तौलें, जिंदा कारतूस भी जब्त किए है। पुलिस सुत्रों द्वारा श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को मिली जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के आड़सर बास निवासी 23 वर्षीय रामरतन जाट, मोमासर बास निवासी 26 वर्षीय भवानीसिंह राजपूत, गांव शेरूणा निवासी 19 वर्षीय हरिओम ब्राह्मण रोहित गोदारा गैंग से जुड़ें हुए है एवं रोहित गोदारा के सक्रिय गुर्गे दानाराम की प्लानिंग पर बीकानेर में फायरिंग कर बड़ी वारदात की तैयारी में थे। मुखबिरों द्वारा सूचना मिलने पर गंगाशहर पुलिस ने उदयरामसर बाईपास पर स्थित पुराने टोल के पास दबिश देकर इन तीनों आरोपियों को एवं इनके साथ नोखा के रासीसर निवासी 20 वर्षीय सुरेन्द्र कुम्हार को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एक अवैध पिस्टल एवं एक अवैध देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराधों के मामलों में युवाओं की संलिप्पता से क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है।