May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2024। राज्य स्तरीय 19 वर्षीय महिला कबड्डी का गोल्ड बीकानेर ने जीत लिया है। फाइनल में जिले की स्टार महिला खिलाड़ी रीड़ी की चैना जाखड़, टीम कप्तान लखावर की आईना सायच व खिलाड़ी रेवंती ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। रावलामंडी में आयोजित स्टेट फाइनल में टीम बालोतरा ने जीत के लिए कड़ा संघर्ष किया। परंतु बीकानेर की टीम ने लगातार बढ़त बनाए रखी। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। रेड व टेकल का जबरदस्त प्रदर्शन मैच में देखने को मिला। जीत के साथ ही ढोल नगाड़े बजने लगे और रावलामंडी के लोगों ने टीमों का जबरदस्त स्वागत किया। विजेता खिलाड़ियों के सिर पर हाथ फेरकर खूब आशीर्वाद दिया, वहीं उपविजेता को रजत पदक जीत की बधाई भी दी गई। मैदान महिला दर्शकों सहित खेलप्रमियों से खचाखच भरा रहा। स्कूल की छत पर, दीवारों पर और पेड़ों पर भी भारी भीड़ नजर आई। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज पर स्टेट कबड्डी की इस टक्कर का मैदान से लाइव प्रसारण किया गया। जिसमें साहित्यकार व व्याख्याता छैलूदान चारण ने आकर्षक कंमेंट्री की है। वहीं टाइम्स के लाइव पर हजारों खेलप्रेमियों ने मैच को देखा और विजेता के लिए इनामों की घोषणा भी की। क्षेत्र पूनमचंद सोनी ने विजेता टीम को 20 ग्राम चांदी का सिक्का इनाम देने की घोषणा की। वहीं सोहनराम ने 1100 रूपए नगद की घोषणा की। तहसीलदार सपना सोनी ने भी मैच देखा व मैदान पर खिलाड़ियों का हौसला बढाया। समापन समारोह में दोनों टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बधाईयों का दौर शुरू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर की टीम में आइना सायच, चेना जाखड़, गायत्री सिद्ध, बिमला सिद्ध, रेवंती, बसंती कुलरिया, रामकन्या, अशलेखा सोनी, स्नेहा, बिमला सायच, ममता, माया शामिल रही। सभी खिलाड़ियों ने उम्दा खेल का प्रदर्शन किया। विजय के बाद दल प्रभारी भगवानाराम गोदारा, कोच पूर्णा राम, टीम प्रभारी अनीता मीना, संरक्षक गौरीशंकर पारीक को बधाईयां मिल रही है। बता देवें बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़, रीड़ी, व बालोतरा से अनेक खेल प्रेमी स्टेट फाइनल मैच देखने व अपनी अपनी टीमों का हौसला बढ़ाने रावला पहुंचे।
रावला की व्यवस्थाओं को सराहा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मैच के आयोजन के बीच में दर्शकों के लिए ठंडे पानी, ज्यूस की व्यवस्था सहित स्टेट कबड्डी आयोजन के लिए रावला के नागरिकों, शिक्षा विभाग के स्टाफ, व्यापार मंडल सहित अनेक संगठनों के सहयोग से आयोजन की शानदार व्यवस्थाएं की गई। मैच देखने के लिए भी महिला दर्शकों के लिए अलग से टैंट लगाकर बैठने की व्यवस्था की गई। सभी टीमों के खिलाड़ियों व संरक्षकों ने व्यवस्थाओं के लिए आयोजकों की खूब सराहना की। पूरा फाइनल मैच लाइव देखने के लिए क्लिक करें नीचे दी गई लिंक पर:-   https://www.facebook.com/share/v/fi4t98WmF8jwmm9T/?mibextid=jmPrMh