






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 सितंबर 2021। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति आगामी 14 सितम्बर को राज्य स्तरीय हिन्दी दिवस समारोह श्रीडूंगरगढ महाविद्यालय प्रांगण में सुबह साढे दस बजे मनाया जाएगा। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि राजस्थान मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष गोपालकृष्ण व्यास के मुख्य आतिथ्य और प्रख्यात साहित्यकार समालोचक मालचंद तिवाड़ी की अध्यक्षता में समारोह आयोजित होगा। तथा हिन्दी: जनभाषा से राजभाषा की यात्रा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। समारोह समन्वयक महावीर माली ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय के वित्तीय सलाहकार और ख्यात कवि दशरथ कुमार सोलंकी के विशिष्ट आतिथ्य में होने वाले इस आयोजन में विषय प्रवर्तन मधुमती के सम्पादक डॉ. बृजरतन जोशी करेंगे।
साहित्यकारों को सृजन सेवा पुरस्कार दिए जाएंगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समारोह संयोजक और संस्थामंत्री रवि पुरोहित ने बताया कि इस अवसर पर संस्था द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले सृजन-सेवा सम्मान भी रचनाकारों को दिए जायेंगे। संस्था की सर्वोच्च मानद उपाधि श्री मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान जयपुर के प्रख्यात चिंतक, समालोचक, साहित्यकार राजाराम भादू को, डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी सृजन पुरस्कार साहित्यकार डॉ. कृष्ण कुमार आशु को, पं. मुखराम सिखवाल स्मृति राजस्थानी साहित्य सृजन पुरस्कार बीकानेर की कवयित्री मोनिका गौड़ को दिए जाएंगे। उपाध्यक्ष बजरंग शर्मा ने बताया कि शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार जयपुर की उपन्यासकार उमा को, रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान अलवर के डॉ. वीरेन्द्र विद्रोही को दिए जाएंगे। विजय महर्षि ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत होने वाले इस आयोजन में सभी रचनाकारों को ग्यारह हजार रुपए की सम्मान राशि के साथ सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल अर्पित किए जायेंगे ।



