May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-09-28 at 14.23.00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 सितम्बर 2025। अपने ऐतिहासिक खेल आयोजनों के लिए प्रसिद्ध श्रीडूंगरगढ़ शहर अब एक बार फिर से राज्य भर के 41 जिलों से 2500 से अधिक खिलाड़ियों एवं कोच के स्वागत के लिए तैयार हो चुका है। इस बार शहर का मान सम्मान बढ़ाने के लिए यहां का सबसे बड़ा शिक्षण संस्थान भारती निकेतन आगे आया है। भारती निकेतन स्कूल द्वारा शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे स्कूली राज्य स्तरीय योगासन खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी ली गई है। 29 सितम्बर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में योगासन खेल के 17 एवं 19 वर्ष आयुवर्ग में छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों के खिलाड़ी शामिल होगें एवं राज्य के 41 जिलों से करीब 164 टीमों से खेलते हुए अपनी योग कला का प्रदर्शन करेंगे। विदित रहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिले में एक ही हो सकती है और इस बार पूरे जिले में ये मौका भारती निकेतन को मिला है।
कई भवनों में की गई है व्यवस्थाएं, स्कूल प्रांगण में होगें मुकाबले।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रदेश भर से आने वाले अतिथियों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई है। भारती निकेतन एज्युहब के श्यामसुंदर स्वामी ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने, खाने के लिए स्कूल भवन के साथ साथ शहर के सामाजिक भवनों में व्यवस्थाएं की गई है। पुरूष खिलाड़ियों के लिए बाहेती भवन, बोथरा भवन में, महिला खिलाड़ियों के लिए माहेश्वरी भवन कालूबास में आवास व्यवस्था की गई है। साथ ही भोजन व्यवस्था धन्नावंशी स्वामी समाज भवन में की गई है। वहीं स्कूल प्रांगण में योगासनों के मुकाबलों के लिए मैदान तैयार किए गए है। बड़ी संख्या में टीमें एवं सैंकड़ों की संख्या में खिलाड़ी रविवार को ही श्रीडूंगरगढ़ पहुंच चुके है।
विशिष्ट जन बनेगें अतिथि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्र के विशिष्ट जन अतिथि बनेगें। भारती निकेतन एज्युहब निदेशक ओमप्रकाश स्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विधायक ताराचंद सारस्वत, कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, प्रधान सावित्री देवी गोदारा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष हरिराम बाना, समाजसेवी जतनलाल पारख, अनिल कुमार जोशी सहित कई विशिष्ट जन अतिथि रूप में मौजूद रहेगें। वहीं शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के उपनिदेशक, श्रीडूंगरगढ़ एसडीएम, सीओ, सीआई, तहसीलदार आदि अतिथि बन कर राज्य भर से पहुंच रहे खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करेगें। प्रतियोगिता का उदघाटन समारोह कल सुबह स्कूल प्रांगण में नौ बजे आयोजित होगा।