May 21, 2026
0000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 मई 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अनेक स्थानों पर सोलर प्लांट लगाने के कार्य प्रगति पर है। परंतु इसमें ये भी तथ्य है कि सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनियां किसानों से खेत लीज पर लेकर, उसमें खड़े हरे पेड़ों को इस विकास की भेंट चढ़ा रहें। दुसारणा पंण्डिरिकजी की रोही में अवैध रूप से खेजड़ी के हरे पेड़ सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी ने काट दिए। तहसीलदार कुलदीप मीणा के निर्देशों के बाद हल्का पटवारी राजन्ती मीणा ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि दुसारणा रोही में खसरा नबंर 256/95 व 257/95 तादादी क्रमश: 0.25 व 8.86 हैक्टेयर गोमती पत्नी रामप्रताप जाट द्वारा सोलर रातानाडा जोधपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र कुमार बैरवा पुत्र जगदीश बैरवा को 16 अप्रैल 2024 से 14 जून 2051 (27 साल) के लिए लीज पर दे रखी है। इस खसरे में कंपनी का सोलर प्लांट निर्माणाधीन है। 12 मई 2025 को मौके पर राजस्व कार्मिकों का दल पहुंचा तो देखा यहां अवैध रूप से खेजड़ी के वृक्षों को काटा गया है। परिवादी ने बताया कि यहां मौके पर 18 खेजड़ी के हरे पेड़ों को तना से ऊपर कटर मशीन से काटकर अन्यत्र परिवहन कर लिया गया है। खसरों के चारों ओर चार दीवारी की हुई है और इन खसरों के लगभग अस्सी खेजड़ी के पेड़ अभी भी मौके पर खड़ी है। खसरे में सोलर प्लांट हेतु पाइलिंग की हुई है। मौके पर कंपनी प्रतिनिधि मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी पवन कुमार को दी है।