August 30, 2026
000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जनवरी 2026। अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेन पर श्रीडूंगरगढ़ से बिग्गा के बीच 6 जनवरी 2026 को पत्थरबाजी का मामला सामने आया। एक कोच का शीशा टूने से यात्रियों में भी दहशत फैल गई। आरपीएफ ने इसे गंभीरता से लिया और मामले की पड़ताल में एक 12 वर्षीय बालक को निरूद्ध किया है।
बीकानेर दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस 6 जनवरी को श्रीडूंगरगढ़ और बिग्गा के बीच पहुंची तो ट्रेन के एक कोच का विंडो ग्लास पत्थर की चोट से टूट गया। ट्रेन में तैनात रेलवे सुरक्षा बल के स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना दी और मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने घटना की जांच कर रतनगढ़ चौकी में रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। रतनगढ़ चौकी के प्रभारी निरीक्षक सुभाष बिश्नोई की अगुवाई में जांच टीम का गठन किया गया और टीम ने सीसीटीवी फुटेज को वाशिंग लाइन बीकानेर से मंगवाकर विश्लेषण किया। फुटेज में कुछ बच्चे रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध रूप से खड़े दिखाई दिए। हालांकि कोहरे के कारण दृश्य साफ नहीं आया। इसके बाद आसपास के खेतों से इनपुट लेते हुए शुक्रवार को एक 12 साल 11 माह के बालक से पूछताछ की गई। बालक ने पूछताछ में स्वीकार किया वह स्कूल वैन का इंतजार कर रहा था और खेल खेल में उसने वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे शीशा टूट गया। बालक को पिता की मौजूदगी में निरूद्ध कर लिया गया और मामले की सूचना एसआईबी व आईबी को भी दी गई है। बिश्नोई ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है और ऐसी घटना को गंभीर अपराध मानता है।