






श्रीराम कथा में पांचवे दिन राम वन गमन वर्णन में श्रद्धालु हुए भावुक, भक्तिमय हुआ माहौल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव पुदंलसर की राधा माधव गौशाला में श्रीराम कथा के पांचवें दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कथा वाचक पंडित श्रवण कुमार पारीक ने महारानी कैकेयी और महाराज दशरथ के मार्मिक संवाद का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालुओं की आँखें नम हो गईं और पूरा पांडाल श्रीराम भक्ति में डूब गया। पारीक ने बताया कि जब महारानी कैकेयी ने अपने दो वरदान मांगते हुए भगवान श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास और भरत के लिए अयोध्या का राज्य मांगा, तब महाराज दशरथ अत्यंत दुखी हो गए। पुत्र प्रेम और धर्मसंकट के बीच उनका हृदय व्याकुल हो उठा, लेकिन रघुकुल की रीति और दिए गए वचन को निभाने के लिए उन्हें मौन रहना पड़ा। कथा में भगवान श्रीराम के अद्भुत त्याग, आज्ञाकारिता और मर्यादा का वर्णन किया। प्रभु बिना किसी शिकायत के पिता के वचन की रक्षा हेतु 14 वर्ष का वनवास स्वीकार कर लिया। माता सीता और भ्राता लक्ष्मण भी उनके साथ वन जाने को तैयार हो गए। यह प्रसंग परिवार, त्याग, प्रेम और कर्तव्य की सर्वोच्च मिसाल प्रस्तुत करता है। कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीराम हमें सिखाते हैं कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियाँ आएँ, धर्म, सत्य और कर्तव्य का मार्ग कभी नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति माता-पिता की आज्ञा, बड़ों का सम्मान और सत्य का पालन करता है, उसके जीवन में भगवान की कृपा सदैव बनी रहती है। कथा के दौरान भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष किया।

दुलचासर गौशाला में मनाया पर्यावरण दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शुक्रवार को गांव दुलचासर की गोपाल गौशाला में उत्साह के साथ पर्यावरण दिवस मनाया गया। गौशाला कमेटी सदस्य, कार्मिक व ग्रामीणों ने गौशाला में पौधारोपण किया व पौधो के पालन का संकल्प लिया। सचिव रेवंतसिंह पड़िहार ने बताया कि इस मौके पर शिवरतन सोमानी श्रीडूंगरगढ़/ गुवाहाटी ने गौशाला के वृक्षों में पांच टंकी जल डलवाया। गौशाला परिसर में ग्रामीणों ने बदल रहें पर्यावरण परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए पौधे लगाने का संकल्प लिया।

जैन मंदिर निर्माण को लेकर अहमदाबाद में हुई बैठक, अब होगा नवनिर्माण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे में स्थित प्राचीन श्रीपार्श्वनाथ जैन मंदिर के जीर्णोद्धार को अब पुन: नवर्निर्माण के रूप में साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहें है। श्रीओसवाल पंचायत श्रीडूंगरगढ़ कार्यकारिणी की सहमति से अध्यक्ष विनोद भदाणी एवं मंत्री कान्ति कुमार पुगलिया द्वारा एक प्रतिनिधिमंडल अहमदाबाद भेजा गया। मंडल में जीर्णोद्धार संयोजक अशोक बैद एवं सुमेरमल सिंघी ने पंचायत का नेतृत्व करते हुए 5 जून को शासनरत्न मनोज हरण, विभिन्न दानदाताओं एवं संबंधित पेढ़ियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें की। बैठक के दौरान मंदिर की वर्तमान स्थिति, भविष्य की आवश्यकताओं तथा पुनर्निर्माण की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। ये चर्चा मंदिर के नवनिर्माण को लेकर सहमति के रूप में बदल गई। इस उपलब्धि के बाद मंदिर के नवनिर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिससे समाज के लोगों सहित श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है।
गौसेवा कर मनाया मोमासर मंडल अध्यक्ष का जन्मदिन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटासर की श्रीकरणी गौशाला में भाजपा मोमासर मंडल अध्यक्ष नरेश मोट का जन्मदिन गौसेवा कर मनाया गया। यहां मोट के शुभचिंतकों ने भंडारे का आयोजन किया सभी गौवंश को भंडारा खिलाया। कार्यक्रम में गौशाला समिति प्रबंधक अगरसिंह पड़ीहार सहित अन्य सदस्य शामिल रहें। सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनके मंगल की कामनाएं की।





