May 21, 2026
009

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जून 2023। आया भवानी, गया भवानी, जय भवानी, श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में कुछ समय पहले भ्रष्टाचार के आरोपों व मारपीट, मुकदमे का शिकार बने नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी भवानीशंकर व्यास इन दिनों पुन: चर्चा में आ गए है। गत दिनों राज्य सरकार में पावर सेंटर बदलने की चर्चाओं के दौरान भवानीशंकर व्यास द्वारा अपनी पोस्टिंग पुन: श्रीडूंगरगढ़ ही करवाने के लिए प्रयास किए जाने की चर्चाएं शहर भर में सुनी गई। व्यास को श्रीडूंगरगढ़ ही लगवाने के लिए विधायक गुट के विरोधियों के प्रयास भी सामने आए एवं गत 24 मई को स्थानीय निकाय विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक बीकानेर द्वारा श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में स्टाफ की कमी एवं महंगाई राहत कैम्प आदि कार्यों के लिए नोखा नगरपालिका में सहायक लेखाधिकारी के पद पर पद स्थापित व्यास को सप्ताह में दो दिवस श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में प्रतिनियुक्ति पर लगाया गया था। हालांकि व्यास ने माहौल को भांपते हुए श्रीडूंगरगढ़ में केवल ज्वानिंग ही की थी और ज्वानिंग के बाद अवकाश पर चले गए व एक दिन भी श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में नहीं बैठे। व्यास के श्रीडूंगरगढ़ सहायक लेखाधिकारी पद पर आने के बाद चर्चाएं और बलवती हो गई एवं लोगों ने शीघ्र ही व्यास को नगरपालिका ईओ का चार्ज भी दिए जाने के कयास लगाने शुरू कर दिए। लेकिन विधायक गुट द्वारा इन चर्चाओं पर विराम देते हुए बीकानेर उप निदेशक के आदेश को जयपुर स्वायत्त शासन विभाग द्वारा आदेश निकलवा कर निरस्त करवा दिया गया है। अब जयपुर में उप-निदेशक प्रशासन ने 9 जून को आदेश जारी कर 24 मई के व्यास की प्रतिनियुक्ति के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। ऐसे में एक बार फिर से चर्चाओं व कयासों पर लगाम कसी जा चुकी है एवं शहर में बस यही चर्चाओं का दौर चल रहा है कि आया भवानी, गया भवानी, जिसने दिखाई ताकत उसकी ओर से जय भवानी।