






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 दिसम्बर 2022। आज से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सभी ठेके रात 8 बजे बाद बंद होंगे। शनिवार से 8 बजे बाद ठेका नहीं खोलने की सरकारी गाइड का पालन सख्ती से करवाया जाएगा। सीओ दिनेश कुमार ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में कोई 8 बजे बाद शराब बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीआई अशोक विश्नोई ने थाने को अलर्ट करते हुए कार्रवाई के निर्देश दे दिए है। शुक्रवार से बीकानेर जिले में पुलिस 8 बजे बाद शराब नहीं देने के कानून का पालन सख्ती से करवाने में जुटी है। ध्यान रहें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शराब बिक्री को लेकर दिए गए बयान का असर पुलिस महकमे में नजर आने लगा है। बीकानेर पुलिस ने आज से बंद दुकानों के अंदर सेल्समैन बैठने पर भी पाबंदी लगा दी है। अगर कोई सेल्समैन आठ बजे बाद शराब दुकान में बैठा दिखाई दिया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि रात आठ बजे बाद शराब की बिक्री होती है तो इसके लिए संबंधित थाने का एसएचओ जिम्मेदार होगा। उन्होंने एसएचओ के साथ-साथ सीओ सिटी और एसपी की भी जिम्मेदारी तय की गई है।



