






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जून 2025। उपजिला चिकित्सालय श्रीडूंगरगढ़ से विशेष खबर घुटनों के दर्द से परेशान दो मरीजों को राहत मिलने की आई है। यहां दो मरीजों के कुल चार घुटनों का सफल प्रत्यारोपण किया गया है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ जगदीश गोदारा ने बताया कि कुशल मेडिकल टीम द्वारा 65 वर्षीय सुलतान और 55 वर्षीय गीता देवी, जो पिछले पाँच वर्षों से घुटनों के तीव्र दर्द से परेशान थे, के घुटने प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। चिकित्सक टीम द्वारा ऑपरेशन के बाद दोनों मरीजों को ऑपरेशन के अगले ही दिन चलाया गया। डॉ गोदारा ने बताया कि वर्तमान में दोनों मरीज पूरी तरह स्वस्थ हैं और बिना किसी दर्द के चलने में सक्षम हैं। अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि ये चिकित्सालय की तकनीकी दक्षता को दर्शाती है, इससे आमजन का अस्पताल में भरोसा बढ़ेगा और बेहतर ईलाज के लिए लोग यहां लाभ ले सकेंगे। दोनों लाभार्थी मरीजों के परिजनों ने चिकित्सकीय टीम व अस्पताल प्रशासन का आभार जताया।




