






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अप्रैल 2026। क्षेत्र में बीती रात एक खेत में बनी ढाणी में अचानक लगी आग ने श्रमिक परिवार के सपनों को जलाकर खाख कर दिया। आस पास के किसानों ने प्रशासन को सूचना देकर पीड़ित की सहायता करने की मांग की है।
गांव मोमासर से थामड़ा रास्ते पर स्थित शंकरलाल पुत्र पूर्णाराम प्रजापत के खेत में बनी ढाणी में रात करीब 8.30 बजे आग लग गई। यहां सब्जी की खेती करने वाला श्रमिक परिवार का रहवास था। सरदारशहर मंडी में सब्जी बेचकर पसीने की कमाई से लिया हुआ उसका पैंमेंट करीब ढाई लाख रूपए नगदी जलकर स्वाहा हो गए। परिवार ने कपड़े धोने के लिए इसी आखातीज पर ली नई वॉशिंग मशीन ली जो आग की भेंट चढ़ गई। वहीं कुछ गहने और गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाख हो गया। झौंपड़े की आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। पास ही रखा करीब 15 क्विंटल चारा भी चपेट में आ गया और जलकर राख हो गया। आगजनी से हुए नुकसान से परिवार बुरी तरह से मायूस हो गया है। शंकरलाल ने बताया कि घटना के समय परिवार सब्जी की बाड़ी में ही कार्य कर रहा था। अचानक झौंपड़े से लपटें उठती देखकर राहगीर, आस पास के खेतों से किसान मौके पर पहुंचे। आग शॉर्ट सर्किट से लगने का अंदेशा जताया गया। सभी ने मिलकर आग बुझाने के प्रयास किए। गांव से तीन टैंकर पानी भी मंगवाया और आग बुझाने का प्रयास किया। परंतु तबतक आग ने सबकुछ लील लिया। पड़ौसी किसानों ने पीड़ित की सहायता करने की मांग प्रशासन से की है।




