






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 सितम्बर 2023। यह खबर जोधपुर से आ रही है जहां एक अजब-गजब दुर्घटना में जिंदगी एवं मौत दोनो एक साथ देखने को मिली। यहां गुरूवार को एक टैंकर ने बाईक को टक्कर मार दी एवं बाईक पर बैठी 8 माह की गर्भवति महिला के पेट पर टायर चढ़ते हुए उसे कुचल दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई लेकिन इस दौरान महिला का पेट कुचले जाने से उसके पेट में पल रहे गर्भस्थ शिशु छिटक कर बाहर आ गया एवं उस शिशु की नई जिंदगी शुरू हुई। जोधुपर के सूरसागर थाने के एसआई सुरताराम ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे की है। यहां सूरसागर-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर डीजल-पेट्रोल से भरे टैंकर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। बाइक पर पांचवी रोड़ पर रहने वाली निशा (25), उसका पति कैलाश (27), दस साल की भतीजी रक्षिता और छह साल का बेटा मयंक केरू गांव जा रहे थे। हादसे में निशा टैंकर के पिछले पहिए के नीचे आ गई। पहिया उसके पेट पर चढ़कर रुक गया। टैंकर को वहीं रोककर ड्राइवर फरार हो गया। पति और बेटे मयंक को भी गंभीर चोट लगी। मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने देखा कि महिला के पेट पर ट्रक का टायर है और पास ही नवजात के रोने की आवाज आ रही है। इस दौरान स्थानीय व्यक्ति कमलेश सोलंकी ने तुरंत मौके से नवजात को उठाया और निकटवर्ती उम्मेद अस्पताल पहुंचाया। दुघर्टना में घायल पति कैलाश और दोनों बच्चों को इलाज के लिए एमजीएच ले जाया गया। इनमें से एक बच्चे और पति की हालत गंभीर होने पर उन्हें रात में एमजीएच से एमडीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
देवदूत बनकर आए कमलेश सोलंकी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घटना के चश्मदीद और नवजात को हॉस्पिटल पहुंचाने वाले कमलेश सोलंकी ने बताया- हादसा के बाद भीड़ तमाशा देखती रही। मैं मौके पर पहुंचा। जहां हादसा हुआ था वहां घायल लोगों के बीच बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। बच्ची कुचली हुई मां के पास पड़ी थी। पहले तो समझ नहीं पाया कि क्या करूं। फिर बच्ची को हाथों में उठा लिया। इसके बाद अपने दोस्त सुनील सांखला के साथ कार में बैठकर अस्पताल पहुंचा। बच्ची को भर्ती कराया। बच्ची की भी जांच की गई तो वह पूरी तरह सुरक्षित थी।




