May 19, 2026
WhatsApp Image 2026-05-06 at 21.21.41

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में से गुजर रही टाटा पॉवर की बिजली लाईन के कार्य को बुधवार को गांव डेलवां में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर रूकवा दिया। कम्पनी प्रतिनिधियों ने नियमानुसार मुआवजा देने एवं अभी तक मुआवजे से वंचित रहे किसानों को मुआवजा देने की समझाईश की लेकिन किसान पहले मुआवजे एवं फिर काम की बात कहते हुए अड़ गए। विवाद बढ़ते देख पुलिस भी मौके पर पहुंची एवं मामला शांत करवाने की समझाईश की। लेकिन किसानों द्वारा आक्रोश जताने पर शांति भंग की आंशका को देखते हुए पुलिस ने एक महिला सहित पांच किसानों को शांति भंग की धारा 170 में गिरफ्तार किया। किसानों को गिरफ्तार करने की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय किसान सभा के नेता एवं कार्यकर्ता श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच गए एवं थाना परिसर में ही धरना देते हुए किसानों को रिहा करने की मांग की। माहौल गर्माता देख पुलिस ने महिला किसान को उपखण्ड़ अधिकारी के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा किया गया। पुलिस ने धरनार्थियों को थाना परिसर से हटा दिया तो किसान सभा के नेता गांव डेलवां पहुंच गए एवं नारेबाजी करते हुए काम को रूकवा दिया। इस मामले में किसान सभा ने गुरूवार सुबह थाने का घेराव करने का आह्वान कर ड़ाला है। किसान सभा जिला सचिव अशोक शर्मा, तहसील सचिव राजेंद्र जाखड़, उपाध्यक्ष गिरधारी लाल जाखड़, काननाथ सिद्ध, मदन लाल प्रजापत, डूंगर राम महिया, सुनील दूगरिया सरपंच, लालाराम सारण, गौरव टाडा, मुकेश ज्याणी, शौकीन काजी, तालीम, मंगतूराम वाल्मीकि, जावेद बेहलीम, आमिर खोखर, रमेश जाखड़, सहीराम भुवाल, भोमाराम जाखड़ आदि ने पुलिस कार्रवाही पर जम कर रोष जताया है। विदित रहे कि बीकानेर से नीमराणा जा रही टाटा कम्पनी की इस लाईन का अधिकांश कार्य हो चुका है एवं बड़े टावर किसानों के खेतों में लग चुके है, एवं अब टावरों पर तार जोड़ने का कार्य कम्पनी द्वारा किया जा रहा है। आप भी नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर देखें गांव डेलवां में नारेबाजी कर काम रूकवा रहे किसानों एवं किसान नेताओं का वीडियो- https://www.facebook.com/share/v/18q49nQ4EK/

इस संबध में युवा नेता डॉ विवेक माचरा ने किसानों के साथ हो रहे अन्याय का विरोध किया है एवं आक्रोश जताते हुए वर्तमान विधायक पर किसानों की सुध नहीं लेने का आरोप लगाया है।