May 21, 2026
कक्षाएं छोड़ सड़को पर उतरेंगे शिक्षक, दी चेतावनी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जुलाई 2022। शिक्षकों ने गुरूवार को उपखंड अधिकारी को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन देते हुए सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उपशाखा इकाई श्रीडूंगरगढ़ ने अनेक मुद्दों पर विरोध जताते हुए सरकार द्वारा इनपर एक्शन नहीं लेने पर आन्दोलन करने की बात कही है। संघ ने शिक्षकों के लिए स्थाई स्थानांतरण नीति बनाकर स्थानांतरण प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ करने, सभी संवर्गों की डीपीसी 15 अगस्त तक पूर्ण करने, उपप्रधानाचार्य के पद सृजित कर उन्हें 50% विभागीय सीधी भर्ती से भरने, सभी संवर्गों में संतुलन बनाए रखने के लिए मंत्रालयिक संवर्ग की तरह 25 वर्ष की सेवा के पश्चात प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने, समकक्ष शिक्षकों की पदोन्नति उपरांत निश्चित समयावधि में पदोन्नति सुनिश्चित कर सामाजिक, वाणिज्य, कृषि आदि विषयों में न्याय प्रदान करने, प्रतिबंधित जिलों की अवधारणा समाप्त कर शिक्षकों के गृह जिलों में स्थानांतरण करने, नव क्रमोन्नत स्कूलों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय से अधिशेष हिंदी माध्यम के शिक्षकों का पद स्थापन तुरंत करने, तथा प्रारंभिक शिक्षा में अधिशेष कार्मिकों के पदस्थापन पर लगाई गई रोक हटाने सहित विभिन्न मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की है। शिक्षकों ने कहा कि अन्यथा मजबूरन संगठन को समस्त प्रदेश में बड़े आंदोलन का फैसला लेना पड़ेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। ज्ञापन के दौरान संघ सदस्यों में ब्लॉक अध्यक्ष हरिराम सऊ, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सोहनलाल गोदारा, मंत्री दानाराम डेलू, सभा अध्यक्ष बालाराम मेघवाल, उपसभाध्यक्ष बजरंगलाल पूनिया, प्रवक्ता हेतराम बाना, कोषाध्यक्ष नोरंग लाल जाखड़ सहित श्रवणराम सियाग देवीलाल बाना, जितेंद्र महला, किशन चोटिया, बसंत कुमार जाखड़ सहित अनेक संघ सदस्य मौजूद रहे।