






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अप्रैल 2026। नीट की तैयारी कर रहे एक किशोर की आगामी 3 मई 2026 को परीक्षा है और नाबालिग मंगलवार की रात के अंधेरे में घर से निकलकर लापता हो गया है। परेशान पिता ने थाने पहुंच पुलिस से उसकी तलाश करने की गुहार लगाई है।
17 वर्षीय किशोर के पिता ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच कर गुमशुदगी दर्ज करवाई है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके पुत्र ने सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दे रखी है और वह नीट की परीक्षा की तैयारी कर रहा है। 3 मई को उसकी परीक्षा होने वाली है। मंगलवार रात 9 बजे बेनीसर रोही में स्थित अपनी ढाणी में पूरा परिवार खाना खाकर राजीखुशी सो गए। रात करीब 12 बजे तेज आंधी व बारिश आई तब परिवार के सदस्य उठे तो देखा किशोर ढाणी में नहीं था। वह अपने दो जोड़ी कपड़े लेकर रात 9 से 12 बजे के बीच कहीं निकल गया। तभी से परिजनों ने उसे ननिहाल व रिश्तेदारी में ढूंढने का प्रयास किया, परंतु कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को परेशान पिता ने थाने में किशोर की तलाश करने की गुहार लगाई। थानाधिकारी कश्यप सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



