






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अक्टूबर 2022। तहसील के गांव सुरजनसर में हुई नानूराम डूडी हत्याकांड में मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के भाई भोजाराम डूडी ने रिपोर्ट दी है और आरोपी लालाराम डूडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। भोजाराम ने पुलिस को बताया कि मृतक अविवाहित था और आरोपी लालाराम लगभग हमेशा उसके साथ ही रहता था। सोमवार रात भी आरोपी मृतक के साथ ही था और रात को 1.30 बजे आरोपी ने मृतक के मोबाइल से फोन किया और अज्ञात व्यक्ति द्वारा नानूराम के सर में रॉड से मारने की कहानी बताई। इस पर परिजन खेत पहुंचे तो देखा कि नानूराम चारपाई पर मृत पड़ा था और उसके दाई आंख के ऊपर, बाई आंख के ऊपर, सर में पीछे कई जगहों पर गहरे घाव थे और पूरा सर और मुंह खून से लथपथ पड़ा था। लालाराम से पूछताछ की गई तो वह घबरा गया और बार बार माफी मांगने लगा। इसी दौरान आरोपी लालाराम शौच जाने का बहाना बना कर वहां से फरार हो गया।



