






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मार्च 2022। क्षेत्र में कई दशकों तक भाजपा में एकछत्र नेता रहने वाले और इन दिनों पार्टी से निष्कासन झेलने वाले पूर्व विधायक किशनाराम नाई की सक्रियता वापस राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे रही है। राज्य भाजपा में इन दिनों हाशिये पर चल रही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जन्मदिन के मौके पर किए गए शक्ति प्रदर्शन में क्षेत्र के पूर्व विधायक किशनाराम नाई ने अपने पौत्र आशीष जाड़ीवाल के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है।
किशनाराम नाई के पौत्र आशीष जाड़ीवाल के साथ उनके समर्थक किशनसिंह राजपुरोहित, के.के. जांगिड़, पूरनमल स्वामी, करण आदि ने बूंदी के केशोरायपाटन में वसुंधरा राजे से मुलाकात की तथा उनको किशनाराम नाई द्वारा भेजा गया चांदी का मुकुट पहनाया व बधाई पत्र प्रदान किया। इस मौके पर राजे ने नाई के स्वास्थ्य सबंधी जानकारी ली और सक्रिय रहने को कहा। विदित रहे कि नाई भाजपा देहात जिलाध्यक्ष व श्रीडूंगरगढ़ से विधानसभा प्रत्याशी रहे ताराचंद सारस्वत के धुर विरोधी माने जाते रहें है और पिछले चुनाव में सारस्वत के खिलाफ निर्दलीय भी मैदान में उतरे थे। तभी से वो पार्टी से निष्कासित है लेकिन अब राजे के सहारे पुनः सक्रियता क्षेत्र में कई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे रही है।






