






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 फरवरी 2024। अपने पुत्र को स्कूल छोड़कर अपने स्कूल जा रही शिक्षिका को एक बोलेरो चालक ने रॉन्ग साइड आकर टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल शिक्षिका 10 दिनों से ईलाज ले रही है और बुधवार को उनके पति ने थाने पहुंच कर बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही से तेज गति में गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। कस्बे में बिग्गा बास निवासी मदनगोपाल सोनी ने बोलेरो चालक परमेश्वरलाल पुत्र सहीराम निवासी अभयसिंहपुरा के खिलाफ आरोप लगाया है। सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 फरवरी को उनकी पत्नी संतोष देवी ने सातवीं कक्षा में अध्ययनरत अपने पुत्र रजत को कन्हैयालाल सिखवाल अंग्रेजी स्कूल में स्कूटी से छोड़कर मोमासर बास स्थित अपने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जा रही थी। शिक्षिका सर्विस रोड पर अपनी साइड चल रही थी तभी बोलेरो चालक ने गफलत में व तेज स्पीड में गाड़ी चलाते हुए रोंग साइड आकर स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई और हाथ व कंधे की हड्डी टूट गई व दाएं पैर पर अधिक चोट आई। महिला को मौके पर मौजूद अब्बास गौरी व असलम कयामखानी ने अस्पताल पहुंचाया व परिवादी को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को दे दी है।



