






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 नवम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में चलते चुनावों में जहां सभी प्रत्याशी व उनके कार्यकर्ता चुनावी रणनीति व कार्यक्रमों में अति व्यस्त है वहीं चलते चुनावों में बसपा प्रत्याशी राजेन्द्र मेघवाल ने मानवता को महत्व देते हुए जहर का सेवन करने वाली युवती को चिकित्सालय पहुंचा कर युवती के प्राण बचाने का सकारात्मक प्रयास किया है। मेघवाल ने बताया कि वह सोमवार सुबह बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ की ओर आ रहे थे तभी रास्ते में गुंसाईसर छोटा के पास सड़क पर एक गाड़ी किनारे खड़ी थी एवं उसमें सवार लोग बाहर खड़े होकर रोते हुए बीकानेर की ओर जा रहे गाडियों को रोकने का प्रयास कर रहे थे। उन्हें देख राजेन्द्र बापेऊ ने गाड़ी रोकी तो उस गाड़ी में क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान निवासी ममता पुत्री सहीराम बेहोश अवस्था में थी। ममता के परिजन उसके जहर चढ़ने के कारण बीकानेर लेकर जा रहे थे और रास्ते में गाड़ी खराब हो गई। ऐसें में राजेन्द्र बापेऊ ने चुनावी व्यवस्तता को किनारे कर युवती व परिजनों को अपनी गाड़ी में लिया और बीकानेर पीबीएम पहुंचकर उनका उपचार शुरू करवाया। परिजनों ने बताया कि वे करीब आधे घंटे से लोगों को रूकने की प्रार्थना कर रहे थे लेकिन कोई नहीं रूका तो सड़क पर उनकी रूलाई छूट गई। परिजनों ने बापेऊ का आभार जताया। बता देवें की यह श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की पहचान है कि जरूरतमंदों की मदद के लिए यह सेवाभाव सभी परिस्थितियों में अग्रणी रहता है एवं जनता सहित नेताओं द्वारा समय समय पर इसे निष्ठा से निभाया जाता है। गत दिनों हुई दुर्घटना के वक्त निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति शर्मा का चिकित्सालय पहुंचना हो या चाहे भाजपा प्रत्याशी ताराचंद सारस्वत के पुत्र शिव सारस्वत द्वारा घायलों को संभालना हो। हमेशा यह सेवाभाव यहां के सभी नेताओं में देखने को मिल रहा है।




