






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2025। शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के पर्व पर श्रीडूंगरगढ़ से एक बुजुर्ग महिला हनुमान धोरा मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार सहित तोलियासर भैरव मंदिर में बाबा के दर्शन करने पहुंची। यहां मंदिर में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ थी। एक चोर गिरोह ने गेट से ही महिला के पीछा करना शुरू कर दिया। बाबा के दर्शन करने से पहले मुख्य मंदिर में प्रवेश के समय बुजुर्ग महिला को गिरोह की महिलाओं ने घेर लिया। एक महिला ने उनके गले से 3 तोला की लंबी भारी चेन तोड़ ली और मुख्य मंदिर के बाहर से ही लौट गई। विभिन्न कैमरे खंगालने के बाद गिरोह में 6 महिलाएं व 2 पुरूषों के शामिल होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता परेशान, बेटे ने दी परिवाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे की निवासी 80 वर्षीया राधादेवी मोदी को घर आने पर अपने गले में चेन नहीं होने की जानकारी हुई। तीन तोले की चेन चोरी हो जाने से पीड़िता परेशान हो गई और रविवार सुबह उनके बेटे महावीर मोदी ने पुलिस थाने में परिवाद देकर मामले की जांच करने और चेन बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे करीब 30 कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। परिवार के सदस्यों ने भी पुलिस के साथ सभी कैमरे देखें। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
दो अन्य महिलाएं भी हुई शिकार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुजुर्ग महिला सहित सुबह से दोपहर तक तीन वारदातें कैमरों में कैद हुई नजर आई। अन्य दो महिलाओं ने पुलिस को सूचना नहीं दी, परंतु उनके भी सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने बरामद किए। इसी गिरोह द्वारा बुजुर्ग सहित एक अन्य महिला के गले से चेन, एक महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी किया जाना भी सामने आया।
मंदिर में लगातार बढ़ रही है वारदातें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर के प्रसिद्ध भैरव मंदिर में भीड़ वाले दिन प्राय: महिलाओं के गले से सोने की चेन तोड़ लिए जाने की घटनाएं लगातार हो रही है। मंदिर समिति ने प्रशासन से व पुलिस विभाग से मंदिर में भीड़ वाले दिन पुलिस जाप्ते को तैनात किए जाने की मांग की है। समिति ने शनिवार की घटनाएं देखते हुए मंदिर परिसर में कैमरों की संख्या बढ़ाने, जगह जगह सीसीटीवी की नजर में होने, चोरों व जेबकतरों से सावधान के बोर्ड लगवाने सहित एक टेपरिकार्डर में भी सावधानी सूचक वाक्यों को रिकॉर्ड करवा कर लगातार अनाउंस करवाने की बात कही। देखें घटना का वीडियो:- https://www.facebook.com/share/v/1Bh7Nd4TZ7/



