






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2024। शुक्रवार सुबह परसनेऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरियों पर अचेत मिले 10 वर्षीय बच्चे की शिनाख्त हो गई है। बच्चा गांव बिग्गा निवासी मामराज नायक का इकलौता बेटा है। बिग्गा सरपंच जसवीर सारण ने बताया कि मामराज की बहिन परसनेऊ ब्याही हुई है और शुक्रवार सुबह मामराज अपने बेटे के साथ बहिन के घर जाने के लिए निकला था। रास्ते में वह पेशाब करने गया व वापस आया तो उसका बेटा सीट पर नहीं मिला। उसने ट्रेन में ढूंढा लेकिन नहीं मिला। इतने में परसनेऊ स्टेशन आ गया तो उसने सोचा कि बेटा उतर सकता है तो वह भी उतर गया एवं स्टेशन पर ढूंढने लगा। लेकिन बेटा नहीं मिला तो परेशान स्थिति में वह सामने से आ रही ट्रेन में वापस आ बिग्गा के लिए रवाना हो गया। वहीं अनुमान लगाया जा रहा है कि उसके बेटे की नींद खुली व पिता को पास में नहीं पाया तो वह भी ढूंढने ट्रेन के दूसरे डब्बों में चला गया होगा व स्टेशन निकलने के बाद परसनेऊ जाने का पता लगने पर हड़बड़ाहट में ट्रेन से कूद गया होगा। उसका पिता वापस गांव पहुंचा तब तक टाइम्स में खबर प्रकाशित हो गई थी व ग्रामीण पाठकों ने उसकी पहचान कर ली। मामराज नायक को साथ लेकर गांव के युवा सुरेंद्र सारण ने खबर में दी गई जानकारी के अनुसार राजलदेसर चिकित्सालय में संपर्क किया। राजलदेसर से बच्चे को गंभीर अवस्था में बीकानेर रैफर कर दिया गया है।



