May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-05-21 at 21.23.47

देशनोक में बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस रेलसेवा का उद्घाटन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल देशनोक में बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस (मुम्बई) रेलसेवा को देशनोक स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना। यात्रियों की सुविधा हेतु बान्द्रा टर्मिनस ( मुम्बई) – बीकानेर- बान्द्रा टर्मिनस( मुम्बई) सुपरफास्ट साप्ताहिक नई रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण के अनुसार माननीय प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा दिनांक 22.05.2025 को बीकानेर- बान्द्रा टर्मिनस ( मुम्बई ) उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा को देशनोक स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर बान्द्रा टर्मिनस ( मुम्बई ) के लिए रवाना किया जाएगा। ये गाड़ी संख्या 04707, बीकानेर- बान्द्रा टर्मिनस ( मुम्बई ) उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा दिनांक 22.05.2025 गुरूवार को 10.30 बजे देशनोक से रवाना होकर 11.15 बजे बीकानेर स्टेशन पहुचेगी तथा बीकानेर स्टेशन से 12.35 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शुक्रवार को 12.00 बजे बान्द्रा टर्मिनस (मुम्बई ) पहुंचेगी। ये स्पेशल रेलसेवा मार्ग में नोखा, नागौर, मेडतारोड, जोधपुर, पाली मारवाड, मारवाड जं., फालना, आबूरोड, पालनपुर, महेसाना, साबरमती, नडियाद, आणंद जं., वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी व बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में 16 थर्ड एसी इकोनोमी व 02 पॉवरकार सहित कुल 18 डिब्बे होगें।

इस ट्रेन का कल होगा समय परिवर्तन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशनोक स्टेशन से बीकानेर- बांद्रा टर्मिनस गाड़ी संख्या 04707 का उदघाटन करने के कारण दो गाड़ियों के प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है। रेल विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 14707 लालगढ़-दादर  22.05.25 को अपने निर्धारित समय 7:55 की बजाए 2 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना होगी अर्थात यह गाड़ी लालगढ़ से 10:25 पर रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 09036 बीकानेर -बांद्रा टर्मिनस 22.05.25 को अपने निर्धारित समय 10:00 बजे से डेढ़ घंटा देरी से चलेगी अर्थात यह गाड़ी बीकानेर से 11:30 पर रवाना होगी।

रेलवे, सड़क मार्ग, बिजली, पानी, नवीन और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की 26,000 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री बीकानेर के पलाना में रेलवे, सड़क मार्ग, बिजली, पानी, नवीन और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की 26,000 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। भारत के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। सुबह करीब 11 बजे देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे और पलाना में एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी बीकानेर में उनके साथ उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक विरासत, दिव्यांगजन केंद्रित सुविधाएं और यात्रियों की सुगमता के लिए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री द्वारा 1100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकसित 103 अमृत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा जिसमें राजस्थान के 8 रेलवे स्टेशन (फतेहपुर शेखावाटी, देशनोक, बूंदी, मांडलगढ़, गोगामेड़ी, राजगढ़, गोविंदगढ़, मंडावर-महुआ रोड) शामिल हैं। देशनोक रेलवे स्टेशन में मंदिर वास्तुकला, मेहराब और स्तंभ विषयवस्तु शैली उपयोग में ली गई है जिससे क्षेत्रीय वास्तुकला को बढ़ावा मिलेगा।

रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी ढांचा किया जा रहा सुदृढ़
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय रेलवे अपने नेटवर्क के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण की ओर अग्रसर है जिससे रेलवे संचालन अधिक कुशल तथा पर्यावरण अनुकूल बन रहा है। इसी क्रम में श्री मोदी चूरू-सादुलपुर रेल लाइन (58 किमी) की आधारशिला रखेंगे तथा सूरतगढ़-फलोदी (336 किमी), फुलेरा-डेगाना (109 किमी), उदयपुर-हिम्मतनगर (210 किमी), फलोदी-जैसलमेर (157 किमी) तथा समदड़ी-बाड़मेर (129 किमी) रेल लाइन विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

मजबूत सड़क तंत्र से सुरक्षा बलों को आवाजाही में होगी सुगमता
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री सड़क अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए पुष्कर में एनएच-58 पर 3 वाहन अंडरपास के निर्माण तथा एनएच-11, एनएच-70 (जैसलमेर से म्याजलार) की सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की आधारशिला रखेंगे। साथ ही, राजस्थान में लगभग 4 हजार 850 करोड़ की 7 सड़क परियोजनाओं को भी समर्पित करेंगे। इनसे आवागमन सुगम हो सकेगा। साथ ही, इन राजमार्गों के भारत-पाक सीमा तक फैले होने के कारण सुरक्षा बलों के लिए आवाजाही में सुगमता बढ़ेगी और भारत का रक्षा बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा।

सभी के लिए बिजली और स्वच्छ ऊर्जा हमारा विजन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केन्द्र सरकार सभी के लिए बिजली और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध करवाने के विजन के साथ निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में मोदी विभिन्न विद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे जिनमें नीपको 300 मेगावाट ग्राउंड माउंटेड सौर परियोजना (बीकानेर), एसजेवीएन 100 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना (नावा), डीडवाना तथा कुचामन की सौर परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही, पार्ट बी पावरग्रिड सिरोही ट्रांसमिशन लिमिटेड और पार्ट ई पावरग्रिड मेवाड़ ट्रांसमिशन लिमिटेड के विद्युत निकासी के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली का शिलान्यास भी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 विद्युत परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे, जिनमें पावर ग्रिड नीमच ट्रांसमिशन सिस्टम लिमिटेड तथा बीकानेर कॉम्प्लेक्स की विद्युत निकासी के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली शामिल है। साथ ही, फतेहगढ़-द्वितीय विद्युत स्टेशन में परिवर्तन क्षमता के विस्तार का उद्घाटन भी किया जाएगा इससे कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री प्रदेश में कलासर सौर ऊर्जा परियोजना (500 मेगावाट) की आधारशिला रखेंगे और शिंभू का भुर्ज सौर ऊर्जा परियोजना (300 मेगावाट) का उद्घाटन करेंगे। इनमें एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड द्वारा घरेलू स्तर पर उत्पादित सौर पीवी मॉड्यूलों के उपयोग से ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार सृजन में भी मदद मिलेगी।

राज्य राजमार्ग विकास कार्यक्रम से क्षेत्रीय संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री के आधारभूत अवसंरचना के सुदृढीकरण के विजन को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश में राज्य राजमार्ग विकास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत मोदी कार्यक्रम में 3,240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 757 किलोमीटर की लंबाई के 12 राज्य राजमार्गों का उन्नयन और रखरखाव के लिए विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें मांगलियावास-पदुकलां (स्टेट हाइवे-102), ब्यावर-टेहला-अलनियावास (स्टेट हाइवे-59 और स्टेट हाइवे-104), दांतीवाड़ा-पीपाड़- मेड़ता सिटी (स्टेट हाइवे-21) शामिल हैं। राज्य राजमार्ग विकास कार्यक्रम के विस्तार में गोटन-साथिन राजमार्ग के साथ 900 किलोमीटर के अतिरिक्त नए राजमार्ग शामिल किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से महत्वपूर्ण शहरों, औद्योगिक केंद्रों और राज्य की सीमाओं को जोड़ते हुए क्षेत्रीय संपर्क और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

नए नर्सिंग कॉलेजों से प्रशिक्षण सुविधाओं का होगा विस्तार
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री राजसमंद, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, धौलपुर में नए नर्सिंग कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे। इस पहल से स्वास्थ्य अवसंरचना, नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण सुविधाओं में वृद्धि होगी। साथ ही, प्रधानमंत्री 132 केवी जीएसएस राजपुरा (बीकानेर) और 132 केवी जीएसएस सरदा (उदयपुर) की विद्युत अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। ये सबस्टेशन पारेषण क्षमता को बढ़ाएंगे, स्थानीय लोगों और उद्योगों को उच्च गुणवत्ता वाली और निर्बाध बिजली आपूर्ति भी प्रदान करेंगे।

अमृत 2.0 से शहरी क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल होगा उपलब्ध
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी झुंझुनू जिले के लिए ग्रामीण जल आपूर्ति और फ्लोरोसिस शमन परियोजना, अमृत 2.0 के तहत पाली जिले के 7 शहरों के लिए शहरी जल आपूर्ति योजनाओं के पुनर्गठन सहित विभिन्न जल बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इससे ग्रामीण परिवारों, विशेष रूप से फ्लोरोसिस प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। जल अवसंरचना परियोजनाएँ आईजीएनपी के तहत जल वितरिकाओं के पुनर्वास से सिंचाई प्रणाली की दक्षता बढ़ेगी तथा कृषि उत्पादकता एवं किसानों की आय में वृद्धि होगी।