






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 फरवरी 2026। क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि देश का पहला मिग-21 “बाइसन” श्रीडूंगरगढ़ के गांव बिग्गाबास रामसरा में स्थापित होगा। क्षेत्र के लाल शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी की स्मृति में उनके पैतृक गांव को ये गौरव प्राप्त हुआ है। मिग-21 के पार्टस लेकर ट्रक व सार्जेंट मुकुल शर्मा की अगुवाई में छह सदस्यीय दल गांव पहुंच गया। शेष पार्टस और आधा दर्जन तकनीकी दल और एक दो दिन में पहुंचेगा। मार्ग में श्रीडूंगरगढ़ घूमचक्कर पर मिग 21 का स्वागत किया गया। वहीं गांव रीड़ी में शहीद की बड़ी बहन जीवनी देवी ने सार्जेंट के तिलक कर सम्मान किया व मिग 21 पर रक्षासूत्र बांधा। धर्मास, इंदपालसर व अमृतवासी होते हुए ये मिग 21 बिग्गाबास रामसरा गांव में राउमावि के खेल मैदान में पहुंचा। यहां युवाओं ने भारत माता के जयकारे और शहीद अमर रहें के नारे लगाए। इस मौके पर शहीद के भाई सीताराम सिहाग ने बताया कि ये मिग 21 का लेटेस्ट वर्जन बाइसन है, जो कारगिल युद्ध के बाद बना और जिसने ऑपरेशन सिंदूर में भी सेवाएं दी। यहां सरपंच लक्ष्मण जाखड़, पूर्व सरपंच श्रवण नायक, श्रवण कड़वासरा, रामकरण जाखड़, चेतनराम, हीरालाल सहू, मांगीलाल जाखड़, मुकुल शर्मा, संजयसिंह शेखावत, रणसिंह, संदीप कुमार सहित अनेक युवा मौजूद रहें। इस मिग 21 के आवंटन हेतु सभी ने शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी के पिता देहदानी कन्हैयालाल सिहाग के प्रयासों को भी याद किया।






