May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 फरवरी 2022। आरपीएससी की आरएएस मुख्य परीक्षा अब 20-21 मार्च को आयोजित की जाएगी। आरपीएससी ने हाईकोर्ट की डबल बेंच के आरएएस-2021 प्रारंभिक परीक्षा परिणाम रद्द करने पर स्थगन आदेश देने के बाद बुधवार देर रात यह निर्णय किया है। इससे पहले बुधवार को ही आयोग ने फुल कमीशन की बैठक में 25 और 26 फरवरी को प्रस्तावित आरएएस मुख्य परीक्षा को स्थिगित कर दिया था। बुधवार को ही आरपीएससी ने हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील की थी। इससे पहले मंगलवार को राजस्थान हाईकोर्ट ने आरएएस-प्री 2021 एग्जाम का परिणाम रद्द कर दिया था। हाईकोर्ट ने 5 विवादित प्रश्नों पर दोबारा से कमेटी बनाने के आदेश दिए थे।
रीट परीक्षा के आयोजन की तैयारियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वहीं प्रदेश में टीचर्स के 46 हजार 500 पदों के लिए 23 और 24 जुलाई में रीट परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें लेवल-1 की 15 हजार, जबकि लेवल-2 के 31 हजार 500 पदों पर भर्ती होगी। भर्ती विज्ञप्ति मार्च में जारी होगी। जबकि आवेदन की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होगी।
इससे पहले बजट पेश करते हुए सीएम गहलोत ने रीट परीक्षा का आयोजन जुलाई में कराने का ऐलान किया था। वहीं इसके कुछ ही घंटो बाद शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया है। ऐसे में इस साल शिक्षा विभाग में कुल 62 हजार पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।