






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अगस्त 2024। वर्तमान परिदृश्य में समाज में और परिवारों में नशे के कारण पारिवारिक विघटन के साथ घटती सहनशीलता के अनेक दृश्य सामने आ रहें है। नजदीकी रिश्ते ही नहीं खून के रिश्ते भी कोर्ट कचहरी तक पहुंचने की घटनाएं पाठकों के आस पास ही होने लगी है। गांव बापेऊ निवासी 22 वर्षीय कुशलनाथ पुत्र नेमनाथ ने अपने बड़े भाई ओमनाथ के खिलाफ शेरूणा थाने में मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई एक ही मकान में रहते है। मंगलवार को शाम 7 बजे वह घर में बैठा था तभी उसका आरोपी भाई लाठी लेकर आया व उसके सिर पर वार कर उसे चोटिल कर दिया। उसकी मोटरसाइकिल का ताला तोड़कर बाइक ले भागा। परिवादी ने बताया कि आरोपी 2 साल से गुंडागर्दी करता है और शराब के नशे में माँ के साथ भी मारपीट कर उन्हें घर से निकाल देता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल आवड़दान को दे दी है।



