






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 दिसंबर 2025। आधी रात बाद दिए की लौ से एक किसान परिवार का आशियाना जल उठा। झोंपड़े में आग लगने से लपटों की गर्मी से नींद खुली तो दो झोंपड़े में सो रहें सात जने उठकर दौड़े और परिवार ने अपनी जान बचाई।
क्षेत्र के गांव धोलिया की रोही में ठुकरियासर मार्ग पर किसान रामस्वरूप पुत्र रामुराम नायक की ढाणी में रात करीब 1 बजे बाद अचानक आग लग गई। ढाणी में दो झोंपड़े बने थे और रामस्वरूप उनकी पत्नी व दो बच्चे, तथा उनकी माता व दो भतीजे झोंपड़ियों में सो रहें थे। सभी ओढ़ कर सो रहें थे, तभी आग की गर्मी से नींद खुली तो महिलाएं बल रे.. बल रे..चिल्लाई और बच्चों को लेकर बाहर भागे। परिवार द्वारा पहने हुए कपड़ों के अतिरिक्त गृहस्थी का कुछ सामान शेष नहीं रहा। रामस्वरूप ने बताया कि बारानी खेत में बिजली कनेक्शन तो नहीं है। बस एक दिया जल रहा था, उससे या चूल्हे की चिंगारी से आग लगी होगी। परिवार ने मिट्टी डालकर आग बुझाने के नाकाम प्रयास किए परंतु आग दोनों झोंपड़ों को राख करने के बाद ही शांत हुई।
दो पहले ही ग्वार बेचकर राशन लिया, सब जलकर खाख हुआ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घटना से परिवार बुरी तरह से मायूस हुआ और आहत रामस्वरूप ने बताया दो दिन पहले ही ग्वार बेचकर 10 हजार का राशन का सामान लेकर ढाणी में रखा था। इसके अतिरिक्त 7 हजार नगदी रूपए, पाई पाई जोड़कर बुजुर्ग माता के पास थे 7-8 हजार नगदी सहित ग्वार, तिल, बाजरा, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, जूते चप्पल तक सबकुछ जलकर खाख हो गया। पड़ौसी भी मदद के लिए पहुंचे और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया परंतु आग पर काबू नहीं किया जा सका। पड़ौसियों ने सरपंच व पटवारी को सूचना देते हुए परिवार को मदद दिलवाने की मांग की है।







