May 19, 2026
WhatsApp Image 2026-04-29 at 09.22.38

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अप्रैल 2026। लंबे समय से प्रतिक्षित जनगणना का कार्य विधिवत रूप से शुरू होने जा रहा है और आगामी 14 जून 2026 तक राजस्थान में जनगणना के पहले चरण का आयोजन होगा। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।

ये भारत की 16वीं जनगणना तथा स्वतंत्र भारत की आठवीं जनगणना है। जो स्वतंत्र भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल मोड में आयोजित जनगणना होगी। तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी श्रीवर्द्धन शर्मा ने बताया कि जनगणना कार्य हेतु नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कल दिनांक 30 अप्रैल 2026 से सेसोमूं गर्ल्स कॉलेज में सुबह 9:30 से प्रारंभ होगा। यह प्रशिक्षण चार चरणों में होगा तथा 12 मई 2026 तक किया जाएगा। प्रशिक्षण का प्रथम चरण 30 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित किया जाएगा। दूसरा चरण 4 मई से 6 मई तक, तीसरा चरण 7 मई से 9 मई तक और प्रशिक्षण का चौथा व अंतिम चरण 10 मई से 12 मई तक आयोजित होगा। वहीं विदित रहें डिजिटल जनगणना में 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक आम नागरिक अपनी स्व गणना भी कर सकेंगे। आम नागरिकों की सुविधा के लिए निदेशालय द्वारा एक वेब पोर्टल विकसित किया गया है। इस वेब पोर्टल पर जाकर आम जन स्वयं अपनी गणना कर सकेंगे। इस वेब पोर्टल का लिंक भी http://se.census.gov.in जारी किया गया है।