May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2020। ग्राम विकास अधिकारियों को मनरेगा योजना की नींव माना जाता है और आज जिले के मनरेगा के इन अधिकारियों ने 10 अगस्त से योजना के बहिष्कार की चेतावनी दी है। अपनी समस्याओं का समाधान नहीं किये जाने पर जिले के सभी विडिओ ने ये रोष पूर्ण कदम उठाया है। इन्होंने समस्याओं के समाधान हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बीकानेर को दिया और ज्ञापन पर कोई कार्यवाही नहीं होने से नाराज जिले के ग्राम विकास अधिकारियों में आक्रोश व्याप्त है। जिसके चलते राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ श्रीडूंगरगढ़ की उपशाखा ने पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ के विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 10 अगस्त से मनरेगा योजना के बहिष्कार करने की घोषणा की है। ज्ञापन में ग्राम विकास अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ जिला शाखा बीकानेर द्वारा मनरेगा योजना के क्रियान्वन में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु 4 अगस्त को मुख्यकार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक जिला परिषद बीकानेर को ज्ञापन देकर अवगत करवाया था, परंतु आज दिनांक तक इस पर कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं होने के कारण मजबूरन जिले के समस्त ग्राम विकास अधिकारी 10 अगस्त से मनरेगा योजना का बहिष्कार करेंगे एवं इस योजना से संबंधित कोई कार्य नहीं करेंगे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम विकास अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए 10 अगस्त से मनरेगा योजना के बहिष्कार की घोषणा की है।