






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2024। धनतेरस पर अलसुबह ही कस्बे के दुकानदार बाजार पहुंच गए और हर दुकान में सामानों को सजा लिया गया। बाजार में सुबह ही अस्थाई छोटे व्यापारी भी ठेले लगाकर दीपावली का सामान सजा कर बैठ गए। दीपक, रंगोलियां, रंग, पूजन का लक्ष्मी पन्ना, ठेठी डंकोली, महल मालिया का प्रसाद, फलों के लिए अनेक ठेले लगे है। दोपहर होते होते सोने चांदी की दुकानों पर भी रौनक नजर आने लगी। वहीं मोबाइल लेने वालों की भी खासी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में युवा वर्ग ने फोन खरीददारी में रूचि दिखाई है। बर्तनों की दुकानों पर बर्तन के खरीददार पहुंचे और बर्तन खरीदे जा रहें है। मिठाईयों की दुकानों पर जबरदस्त रौनक है और गोपालदास स्वामी स्वीट्स द्वारा उपहारों के लिए डिब्बे पैक करने का कार्य सुबह से लगातार किया जा रहा है। कपड़ों व परचून की दुकानों पर भी रौनक है। दुकानों पर विभिन्न सजावटें की गई है। दीपोत्सव का पर्व मंगलवार से परवान चढ़ने लगा है। चारों ओर, हर कोई त्योहार के हर्षोल्लास में उत्साहित नजर आ रहा है। महिलाएं बच्चे सभी उत्साह से त्योहार की तैयारी में जुटे है। कस्बे सहित गांवो से भी अनेक टोलियों में ग्रामीण महिलाएं खरीददारी करने पहुंच रही है। अनेक पिकअप, कैंपर व गाड़ियों में लोग बाजार पहुंचे और कपड़े, राशन सहित विभिन्न सामानों की खरीद की जा रही है। किन्नर सपना बाई भी मुख्य बाजार से गुजरते हुए रूकी और अनेक व्यापारियों को धनतेरस पर समृद्धि की शुभकामनाएं देते हुए टाइम्स के माध्यम से क्षेत्रवासियों को एकता, समरसता की दुआ देकर बधाईयां दी है।
















